भाईदूज पर उसैद घाट पुल पर लगा लंबा जाम, चंबल के कीचड़ में फंसे वाहन
स्थिति बिगड़ने पर उत्तरप्रदेश के पिनाहट और मध्यप्रदेश के महुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने यातायात को व्यवस्थित कराया और फंसे हुए वाहनों को पुल से सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसके बावजूद घाटों पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही और लगातार लोग इस रास्ते से चंबल पार करने पहुंचते रहे।
120 किलोमीटर की दूरी बचाने के लिए चुनते हैं यह रास्ता
अंबाह और पोरसा क्षेत्र के कई परिवारों की रिश्तेदारियां उत्तरप्रदेश के अलग-अलग शहरों में हैं। त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन में बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से आते-जाते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि उसैद-पिनाहट पांटून पुल से चंबल नदी पार करने पर उत्तरप्रदेश की सीमा में पहुंचना आसान हो जाता है।
दूसरे रास्ते से जाने पर लोगों को मुरैना और धौलपुर की ओर से करीब 120 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ता है। दूरी कम होने के कारण त्योहारों के दौरान इस पुल पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। भाईदूज पर भी यही स्थिति देखने को मिली।
चंबल का जलस्तर बढ़ने से रास्ते में फैली कीचड़
बुधवार को चंबल नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल को घाटों से जोड़ने वाले कच्चे हिस्से में पानी पहुंच गया। पानी के कारण रास्ता कीचड़ में बदल गया, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने में परेशानी हुई। कुछ वाहन कीचड़ में फंस गए और उनके कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।
रास्ते को दुरुस्त करने के लिए ट्रैक्टर की मदद से कीचड़ वाले हिस्से में रेत डाली जा रही थी, ताकि वाहनों की आवाजाही आसान हो सके। पांटून पुल पर बढ़ते दबाव और नदी के जलस्तर के कारण पुलिस को यातायात संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।
त्योहार के मौके पर इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को सावधानी बरतने और जल्दबाजी से बचने की जरूरत है। खासकर कच्चे और कीचड़ वाले हिस्से में वाहन फंसने से दोबारा लंबा जाम लग सकता है।
news desk MPcg