ग्वालियर के रेस्टोरेंट में भीषण आग, लाखों का सामान जला
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो गाड़ी पानी डालने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।
सुबह पूजा के लिए पहुंचे थे रेस्टोरेंट संचालक
रेस्टोरेंट संचालक पुरुषोत्तम रामसनेही बुधवार सुबह करीब 6 बजे रोजाना की तरह प्रतिष्ठान पहुंचे थे। उन्होंने रेस्टोरेंट में पूजा-पाठ किया और दीपक जलाने के बाद घर लौट गए। कुछ ही देर बाद उन्हें सूचना मिली कि रेस्टोरेंट में आग लग गई है। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
दीपक या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की दो संभावनाएं जताई जा रही हैं। माना जा रहा है कि पूजा के दौरान जलाए गए दीपक से आग भड़की हो सकती है या फिर शॉर्ट सर्किट इसकी वजह हो सकता है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
news desk MPcg