इंदौर में पानी बर्बाद करने पर 16 लोगों के चालान
दो दिन तक दी समझाइश, फिर भी नहीं माने लोग
दरअसल, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कुछ दिन पहले जोन-12 के वार्ड क्रमांक 62 का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सड़कों पर पेयजल बहता देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को पानी की अहमियत समझाई जाए और नलों से पानी बहने की समस्या को रोका जाए।
इसके बाद उपयंत्री सौरभ समैया, सहायक सीएसआई चेतन, जल प्रदाय विभाग और टीम MUSE ने इलाके में लगातार दो दिन तक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान घर-घर जाकर लोगों को निजी नलों में टोंटियां लगवाने, जरूरत के अनुसार पानी इस्तेमाल करने और जलापूर्ति के दौरान पानी सड़क पर नहीं बहाने की समझाइश दी गई।
सोमवार सुबह निगम की टीम ने की कार्रवाई
दो दिन तक समझाने के बावजूद कुछ लोग जलापूर्ति के समय पानी सड़क पर बहाते रहे। इसके बाद सोमवार सुबह जोनल अधिकारी राहुल सूर्यवंशी के निर्देश पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद पानी की बर्बादी करने वाले 16 नागरिकों के चालान बनाए।
निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि पेयजल की बर्बादी को सामान्य लापरवाही समझकर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। पहले लोगों को जागरूक किया जाएगा और इसके बाद भी लापरवाही जारी रहने पर आर्थिक कार्रवाई की जाएगी।
टोंटियां लगवाने की अपील, जल संरक्षण पर जोर
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि घरों में लगे नलों में टोंटियां जरूर लगवाएं, ताकि जरूरत से ज्यादा पानी न बहे। कई बार नलों को खुला छोड़ देने या टोंटी नहीं होने के कारण बड़ी मात्रा में पीने का पानी सड़कों और नालियों में बह जाता है।
शहर में बढ़ती पानी की जरूरत को देखते हुए जल संरक्षण बेहद जरूरी है। नगर निगम का कहना है कि पेयजल का इस्तेमाल जिम्मेदारी से किया जाना चाहिए। आने वाले दिनों में भी अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण और जागरूकता अभियान चलाकर पानी बर्बाद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
news desk MPcg