रायपुर : नगर निगम का एक्शन,अवैध डेयरी पर कार्रवाई, भैंसों को मालिक के गांव भेजा

रायपुर नगर निगम ने जोन-9 में अवैध डेयरी के खिलाफ कार्रवाई कर 10 भैंसों को संचालक के गांव टेकारी भेजा। कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड में चल रही इस डेयरी से स्थानीय लोगों को गंदगी और बदबू की समस्या थी। निगम ने चेतावनी के बाद नियमों का पालन करते हुए यह कदम उठाया।

रायपुर : नगर निगम का एक्शन,अवैध डेयरी पर कार्रवाई, भैंसों को मालिक के गांव भेजा

रायपुर: नगर निगम के जोन-9 की टीम ने गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड में अवैध रूप से संचालित हो रही एक डेयरी के खिलाफ सख्त कदम उठाया। शिकायतों के बाद कार्रवाई करते हुए टीम ने डेयरी की 10 भैंसों को वाहन में लादकर संचालक के गांव टेकारी पहुंचा दिया। यह डेयरी दलदल सिवनी क्षेत्र में पूर्व पार्षद सुशीला धीवर के घर के पास लंबे समय से चल रही थी। 

स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बावजूद पूर्व में इस डेयरी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी थी। वर्तमान पार्षद और एमआईसी सदस्य खेमकुमार सेन के निर्देश पर निगम की टीम ने इस मामले में हस्तक्षेप किया। कार्रवाई के दौरान कुछ विवाद की स्थिति भी बनी, लेकिन निगम की टीम ने नियमों का पालन करते हुए अपना काम पूरा किया।

शहर में डेयरी संचालन पर सख्त नियम     

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, शहर के भीतर डेयरी या गोशाला चलाने के लिए कड़े नियम लागू हैं। डेयरी को शहर की सीमा से कम से कम 200 मीटर दूर होना चाहिए। साथ ही, नदी, तालाब, अस्पताल या स्कूल जैसे संवेदनशील स्थानों से 500 मीटर की दूरी अनिवार्य है। जोन-7 के स्वास्थ्य अधिकारी भोला तिवारी ने बताया कि इस डेयरी संचालक को पहले ही कई बार नोटिस जारी कर डेयरी को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की चेतावनी दी गई थी। 

लोगों की शिकायतों का मिला जवाब

स्थानीय निवासियों का कहना था कि डेयरी के कारण क्षेत्र में गंदगी और बदबू की समस्या बनी रहती थी। संचालक ने नोटिस के बावजूद डेयरी हटाने में कोई रुचि नहीं दिखाई, जिसके बाद निगम को यह कदम उठाना पड़ा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध डेयरियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।