पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोले सनसनीखेज राज, बेहद करीब से सिर में मारी गई थी गोली साजिशकर्ता की तलाश जारी
शिमला के चर्चित मनीषा मित्तल हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल को पीछे से करीब तीन फीट की दूरी से सिर में गोली मारी गई थी, जो उनकी मौत का मुख्य कारण बनी। इस खुलासे के बाद पुलिस अब हत्या की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड और सुपारी देने वाले लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
13 जून की शाम संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के बाहर हुई इस सनसनीखेज वारदात में हमलावर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक पहली गोली सिर में लगते ही मनीषा मित्तल जमीन पर गिर गई थीं, लेकिन इसके बाद भी बदमाश नहीं रुके और दो अन्य गोलियां चलाईं। हालांकि बाद की दोनों गोलियां शरीर को छूकर निकल गईं, जबकि सिर में लगी पहली गोली ही जानलेवा साबित हुई।
फोरेंसिक रिपोर्ट से यह भी संकेत मिला है कि हमलावर बेहद करीब थे और उन्होंने बेहद सटीक तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सबूतों और सीसीटीवी फुटेज का मिलान कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो कथित शूटरों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों का मुख्य फोकस अब इस बात पर है कि हत्या की सुपारी किसने दी और इसके पीछे असली साजिशकर्ता कौन है। पुलिस का मानना है कि वारदात सुनियोजित थी और इसके पीछे एक बड़ी साजिश हो सकती है।
इधर, हत्याकांड के बाद स्कूल प्रशासन को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है। जिला प्रशासन ने सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल और उससे जुड़ी एजुकेशनल सोसायटी का संचालन अपने नियंत्रण में लेते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ज्योति राणा को छह महीने के लिए प्रशासक नियुक्त किया है। वे स्कूल के दैनिक कार्यों के साथ नई गवर्निंग बॉडी के गठन की प्रक्रिया भी पूरी कराएंगी।
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही हत्या की साजिश के पीछे छिपे मास्टरमाइंड का भी खुलासा हो सकता है।
news desk MPcg