ऑपरेशन सिंदूर के बीच PAK के डिप्टी PM को आया सऊदी प्रिंस का फोन कहा ‘ब्रदर, क्या मैं जयशंकर से बात करूं…
ऑपरेशन सिंदूर: भारत के हमले से घबराया पाकिस्तान, सऊदी से लगाई गुहार
कराची – पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान जवाब देने की तैयारी ही कर रहा था कि भारत ने दोबारा हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान सऊदी अरब ने बीच-बचाव की कोशिश की थी।
भारत ने पहले हमला किया
डार ने बताया कि भारत ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में 7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। इस आतंकी हमले में 26 निर्दोष सैलानियों की मौत हुई थी।
भारत ने नूर खान एयरबेस और शोरकोट एयरबेस जैसे पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। इशाक डार ने माना कि पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की योजना बनाई थी, लेकिन भारत ने पहले ही हमला कर दिया।
'ब्रदर, आप बात कर सकते हैं'
डार ने बताया कि हमले के 45 मिनट बाद उन्हें सऊदी प्रिंस फैसल का फोन आया। प्रिंस ने पूछा, "क्या मैं भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बात करने के लिए अधिकृत हूं? अगर आप रुकने को तैयार हैं तो मैं भारत से भी कहूं कि वे रुक जाएं।"
डार ने जवाब दिया, "हां, पाकिस्तान इसके लिए तैयार है। आप जयशंकर से बात कर सकते हैं।"
बाद में प्रिंस ने बताया कि उन्होंने जयशंकर से बात कर ली है। इससे साफ होता है कि सऊदी अरब ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने की कोशिश की।
पाकिस्तान का फोकस सिर्फ बचाव में
इशाक डार के इस बयान से साफ हो गया है कि पाकिस्तान ने भारत को कोई सख्त जवाब नहीं दिया, बल्कि वह हमलों से बचने और अमेरिका, सऊदी अरब, कतर जैसे देशों से मदद मांगने में लगा था।
डार का यह बयान पाक पीएम शहबाज शरीफ के पुराने दावे का भी खंडन करता है। पहले शरीफ ने कहा था कि पाकिस्तान ने भारत को कड़ा जवाब दिया, लेकिन अब वे भी मान चुके हैं कि भारत ने पहले हमला किया और कई पाक एयरबेस तबाह कर दिए।
भारत का ऑपरेशन सिंदूर
भारत ने 7 मई को पाकिस्तान और पीओके में आतंकी शिविरों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को जवाबी हमला करने की नाकाम कोशिश की, लेकिन भारत ने हर बार और ताकतवर जवाब दिया।
आखिरकार 10 मई को पाकिस्तान की अपील पर भारत युद्धविराम के लिए तैयार हुआ।
news desk MPcg