साइकिल रैली से दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
सीहोर।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में खेलों के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली स्थानीय खेल परिसर से हरी झंडी दिखाकर प्रारंभ हुई और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः खेल परिसर में ही समाप्त हुई।
इस अवसर पर विशेष रूप से सांसद आलोक शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और कलेक्टर बालागुरु के मौजूद रहे। इसके अलावा अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नारे लगाते हुए लोगों को संदेश दिया कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि समाज में अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच विकसित करने का माध्यम भी हैं।
कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है और फिट इंडिया अभियान को भी मजबूती मिलती है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेलों के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना, नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और समाज में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।
रैली के समापन पर अधिकारियों ने प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन आगे भी इस प्रकार के आयोजन करता रहेगा, ताकि सीहोर खेलों के क्षेत्र में नई पहचान बना सके।
Newsdesk