AQI 230 पार | भोपाल समेत MP में घना कोहरा, ठंड और प्रदूषण का ट्रिपल अटैक

1 / 1

1.

राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश में इन दिनों घना कोहरा और कड़ाके की ठंड का असर बना हुआ है। भोपाल में धूल और प्रदूषण की समस्या भी गंभीर होती जा रही है, जिससे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 230 तक पहुंच गया है। मौसम, प्रदूषण और धूल—ये तीनों फैक्टर मिलकर इस बार के वायरल संक्रमण को और अधिक ताकतवर बना रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों, बुजुर्गों और बच्चों पर देखने को मिल रहा है।

अस्पतालों में सर्दी-खांसी, जुकाम, बुखार के साथ सांस फूलने और सीने में जकड़न की शिकायत लेकर मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जेपी अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, बीते वर्षों की तुलना में इस साल ठंड के मौसम में एलर्जिक राइनाइटिस के मामले लगभग दोगुने हो गए हैं, जिसकी बड़ी वजह प्रदूषण और धूल मानी जा रही है।

जेपी अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पियु पंचरत्न का कहना है कि मौजूदा वायरल संक्रमण पहले की तुलना में अधिक प्रभावी है। ऐसे में बच्चों को ठंड से बचाना बेहद जरूरी है और किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

हमीदिया अस्पताल में भी ओपीडी का दबाव बढ़ गया है। दिल और सांस से जुड़ी शिकायतों के मरीजों की संख्या में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि ठंडी हवा फेफड़ों की नलियों को संकुचित कर देती है, जिससे अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों को ज्यादा परेशानी हो रही है। डॉक्टरों ने लोगों को सुबह-शाम प्रदूषण के समय बाहर निकलने से बचने और सतर्कता बरतने की सलाह दी है।