AIIMS के बाहर अफरा-तफरी, मलबे में दबे कई लोग | एम्स भोपाल के सामने छज्जा गिरा, 8 घायल

भोपाल में शुक्रवार को AIIMS Bhopal के सामने उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सडाना मेडिकल स्टोर की निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय नीचे बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन दवाइयां लेने के लिए खड़े थे, जो मलबे की चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छज्जा गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में करीब 8 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया, जहां 3 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 5 घायलों का इलाज अभी जारी है।

घायलों में 23 वर्षीय नंदिनी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनके शरीर पर लोहे के एंगल लगने से गहरा घाव हुआ है और उन्हें ट्रॉमा ब्लॉक के रेड ट्रायज में भर्ती कर डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है।

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और बिल्डिंग के कुछ हिस्सों के अवैध होने का आरोप लगाया है। लोगों ने नगर निगम से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।