हरियाणा में इंस्टाग्राम दोस्ती का खौफनाक अंत AI फोटो से ब्लैकमेल कर महिला से दुष्कर्म, आरोपी फरार
सोशल मीडिया पर दोस्ती पड़ी भारी हरियाणा के यमुनानगर से साइबर क्राइम और दुराचार का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां इंस्टाग्राम पर बने एक दोस्त ने 35 वर्षीय महिला की एआई (Artificial Intelligence) तकनीक से अश्लील तस्वीरें तैयार कीं। इसके बाद उन तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल किया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
जनवरी में इंस्टाग्राम पर आया था फ्रेंड रिक्वेस्ट
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि इस साल जनवरी महीने में उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर विकास उर्फ हन्नी नाम के एक युवक की रिक्वेस्ट आई थी। महिला ने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। धीरे-धीरे आरोपी ने महिला का वॉट्सऐप नंबर हासिल कर लिया और वे वीडियो कॉल पर भी बातें करने लगे।
AI से बनाई अश्लील फोटो, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल
आरोपी ने महिला के विश्वास का फायदा उठाकर उसकी तस्वीरों को एआई (AI) तकनीक की मदद से एडिट किया और न्यूड (अश्लील) फोटो तैयार कर ली। एक दिन आरोपी ने वह एडिटेड फोटो महिला के वॉट्सऐप पर भेजी और धमकी दी कि अगर वह उससे नहीं मिली, तो इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
खेत में ले जाकर किया दुष्कर्म, चांदी की चेन भी लूटी
तस्वीरें वायरल होने के डर से महिला 11 मार्च को यमुनानगर के थर्मल प्लांट के पास आरोपी से मिलने पहुंची। आरोप है कि वहां से विकास उर्फ हन्नी उसे जबरदस्ती पास के एक खेत में ले गया और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ गलत काम किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला से उसकी चांदी की चेन भी छीन ली।
पहले जो थी वो AI फोटो थी, अब असली वीडियो बना ली है
जब पीड़िता ने आरोपी के सामने हाथ जोड़कर फोटो डिलीट करने की मिन्नतें की, तो आरोपी ने एक और खौफनाक खुलासा किया। उसने हंसते हुए कहा कि पहले जो तस्वीरें उसने भेजी थीं, वे तो एआई से बनाई गई फर्जी फोटो थीं। लेकिन अब (दुष्कर्म के दौरान) उसने महिला की असली तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए हैं।
तीन दिन देहरादून में बंधक बनाकर रखा, पुलिस ने दर्ज किया केस
इस वारदात के बाद आरोपी विकास, जो कि उत्तराखंड के देहरादून (पटेलनगर) का रहने वाला है, महिला को बहला-फुसलाकर या डराकर अपने साथ देहरादून ले गया। वहां उसने महिला को तीन दिनों तक अपने साथ रखा और फिर उसे छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह वापस लौटकर पीड़िता ने यमुनानगर के सदर थाने में आपबीती सुनाई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी विकास उर्फ हन्नी के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए देहरादून और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
news desk MPcg