इंदौर में लाखों की चोरी, राजस्थान में गांव वालों को दी शराब-बकरे की दावत, पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
पलासिया पुलिस ने महिदपुरवाला फर्नीचर शोरूम मालिक के बंगले में लाखों की चोरी करने वाले दो आरोपियों, नरेश और जितेंद्र, को राजस्थान से गिरफ्तार किया। आरोपियों ने चोरी के पैसे से गांव में भोज, शराब पार्टी, महंगी बाइक और कपड़े खरीदे। पुलिस ने दो बाइक और 1.25 लाख रुपये बरामद किए; कारोबारी ने नौकर का सत्यापन नहीं करवाया था।
इंदौर: पलासिया पुलिस ने महिदपुरवाला फर्नीचर शोरूम के मालिक के बंगले में लाखों रुपये की चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी के बाद अपने गांव में जमकर मौज-मस्ती की थी। उन्होंने पूरे गांव को भोज करवाया, शराब और बकरे की पार्टी दी, साथ ही महंगी बाइक और नए कपड़े भी खरीदे।
पुलिस के अनुसार, यह चोरी 15 अप्रैल को हुई थी। मुख्य आरोपी नरेश ने फर्जी आधार कार्ड का उपयोग कर घरेलू नौकर के रूप में नौकरी हासिल की थी। उसने अपने साथी जितेंद्र के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। सोमवार देर रात पुलिस ने दोनों आरोपियों को राजस्थान के उदयपुर जिले के सचदा गांव से धर दबोचा।
चोरी का माल और बाइक जब्त
थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि नरेश ने बंगले में घुसकर चोरी की और दीवार फांदकर भाग निकला। उसका साथी जितेंद्र बाइक लेकर बाहर इंतजार कर रहा था। चोरी के पैसे से नरेश ने 2.25 लाख रुपये की महंगी बाइक खरीदी, जबकि गांव में धार्मिक आयोजन, जन्मदिन, मुंडन जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया। पूरे गांव को भोजन करवाया और शराब के साथ बकरे की दावत भी दी। पुलिस ने आरोपियों से दो बाइक और 1.25 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
सत्यापन के बिना रखा था नौकर
टीआई मिश्रा ने बताया कि कारोबारी ने नौकर को रखने से पहले उसका सत्यापन नहीं करवाया था, जिसके चलते यह वारदात हुई। पुलिस ने कारोबारियों को सलाह दी है कि नौकरों को रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं।
news desk MPcg