भोपाल में पटाखा दुकान में भीषण आग, हलालपुर मार्ग पर मची अफरा-तफरी, लाखों के नुकसान की आशंका

भोपाल में पटाखा दुकान में भीषण आग, हलालपुर मार्ग पर मची अफरा-तफरी, लाखों के नुकसान की आशंका

राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित हलालपुर मार्ग पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सोनी पटाखा दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया। मुख्य मार्ग पर गुजर रहे लोगों में दहशत का माहौल बन गया, जबकि आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें खाली कर दीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखा पटाखों का बड़ा स्टॉक धू-धू कर जलने लगा। लगातार उठती लपटों और धमाकों की आवाज से आसपास का इलाका दहल उठा। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि शहर के कई फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और यातायात को भी कुछ समय के लिए डायवर्ट किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों से आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।