पीएम मित्रा पार्क में जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य, तीसरे चरण की तैयारी शुरू; 20 हजार करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले
भैंसोला टेक्सटाइल पार्क में 1100 एकड़ से ज्यादा जमीन उद्योगों को आवंटित, 46 हजार से अधिक रोजगार के अवसर का अनुमान
इंदौर। इंदौर संभाग के बदनावर के पास भैंसोला में बन रहे पीएम मित्रा पार्क में जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। देश के बड़े टेक्सटाइल पार्कों में शामिल इस परियोजना को लेकर निवेशकों की बढ़ती रुचि को देखते हुए अब तीसरे चरण में जमीन आवंटन की तैयारी शुरू कर दी गई है।
करीब 2156 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे इस पार्क में अब तक पहले और दूसरे चरण में 1100 एकड़ से ज्यादा जमीन उद्योगों को आवंटित की जा चुकी है। वहीं, परियोजना में अब तक 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
11 कंपनियों की जमीन रजिस्ट्री पूरी
पीएम मित्रा पार्क में उद्योग स्थापित करने के लिए कई कंपनियों ने रुचि दिखाई है। अब तक 11 औद्योगिक कंपनियों के नाम जमीन की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। सभी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ये कंपनियां अपने-अपने प्लांट का निर्माण शुरू कर सकेंगी।
मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPIDC) ने उद्योगों की बढ़ती मांग को देखते हुए तीसरे चरण के भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
150 करोड़ रुपए खर्च कर तैयार की जा रही आधारभूत सुविधाएं
पीएम मित्रा पार्क में उद्योगों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने का काम भी तेजी से चल रहा है। पार्क में आधारभूत संरचना तैयार करने के लिए करीब 150 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं।
इसमें सड़क, बिजली, पानी और अन्य औद्योगिक सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है, ताकि यहां आने वाली कंपनियों को बेहतर माहौल मिल सके।
46 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर का अनुमान
पीएम मित्रा पार्क को प्रदेश में रोजगार और औद्योगिक विकास के बड़े केंद्र के रूप में देखा जा रहा है। अनुमान है कि इस परियोजना के पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां 46 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।
टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े उद्योगों के आने से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने के साथ-साथ प्रदेश में कपड़ा उद्योग को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
तीसरे चरण में और कंपनियों को मिलेगी जगह
निवेशकों की बढ़ती मांग को देखते हुए अब तीसरे चरण में और अधिक कंपनियों को जमीन उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि पीएम मित्रा पार्क को एक बड़े औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जाए, जिससे मध्य प्रदेश में निवेश और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिले।
news desk MPcg