अफगानिस्तान ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचा, जिम्बाब्वे को 158 रन से रौंदा; सेदिकुल्लाह अटल का शतक, राशिद खान ने 4 विकेट लेकर पलटा मैच
अफगानिस्तान ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचा, जिम्बाब्वे को 158 रन से रौंदा; सेदिकुल्लाह अटल का शतक, राशिद खान ने 4 विकेट लेकर पलटा मैच
अफगानिस्तान ने UAE में खेली जा रही ट्राई सीरीज के दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 158 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सोमवार रात अबु धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने पहले 294 रन बनाए और इसके जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 136 रन पर सिमट गई।
अब ट्राई सीरीज का फाइनल 23 अक्टूबर को खेला जाएगा।सेदिकुल्लाह अटल ने जड़ा शानदार शतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी रही। ओपनर रहमनुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने शुरुआती ओवरों में तेजी से रन बनाए।
टीम ने 7 ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए, लेकिन गुरबाज के आउट होने के बाद सेदिकुल्लाह अटल ने पारी को संभाला। अटल और इब्राहिम जादरान के बीच शानदार शतकीय साझेदारी हुई, जिससे अफगानिस्तान बड़े स्कोर की ओर बढ़ा।
इब्राहिम जादरान 90 रन बनाकर आउट
इब्राहिम जादरान ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 90 रन बनाए। ब्रैड इवांस ने उन्हें आउट कर अटल के साथ उनकी साझेदारी तोड़ी। इसके बाद रहमत शाह और अजमतुल्लाह उमरजई जल्दी आउट हो गए, जिससे अफगानिस्तान पर दबाव बढ़ा। हालांकि, अटल ने हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ मिलकर पारी को संभाला। उन्होंने 44वें ओवर में अपना तीसरा वनडे शतक पूरा किया, लेकिन अगले ही ओवर में रनआउट हो गए। उनकी शानदार पारी ने टीम को 294 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब, 43 रन पर गंवाए 4 विकेट
295 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। टीम ने केवल 43 रन के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए। अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर जिम्बाब्वे की रन गति पर लगाम लगाई। एएम गजनफर ने 13वें ओवर में बेनेट को LBW आउट किया। शुरुआती झटकों के बाद जिम्बाब्वे के लिए लक्ष्य तक पहुंचना मुश्किल हो गया।
राशिद खान ने 4 विकेट लेकर तोड़ी जिम्बाब्वे की उम्मीद
जिम्बाब्वे की टीम ने बड़े लक्ष्य का पीछा करने के बजाय नेट रन रेट बचाने की कोशिश की, लेकिन अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने उसे इसमें भी सफल नहीं होने दिया। राशिद खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। उन्होंने रयान बर्ल को LBW आउट करने के बाद लगातार विकेट लेकर जिम्बाब्वे की पारी को बिखेर दिया।
पूरी टीम 38.4 ओवर में 136 रन पर ऑलआउट हो गई और अफगानिस्तान ने मुकाबला 158 रन से जीत लिया।
बेहतर नेट रन रेट से अफगानिस्तान फाइनल में
ट्राई सीरीज में अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के खाते में 2-2 अंक हैं। इसके बावजूद अफगानिस्तान ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर फाइनल में जगह बना ली। अब दूसरे फाइनलिस्ट का फैसला जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच होने वाले मुकाबले से होगा।
अफगानिस्तान की इस जीत में सेदिकुल्लाह अटल का शतक और राशिद खान की घातक गेंदबाजी सबसे अहम रही।
news desk MPcg