भागलपुर MLC चुनाव: 26 बूथों पर मतदान, कोसी स्नातक सीट पर 15 उम्मीदवार

भागलपुर MLC चुनाव: 26 बूथों पर मतदान, कोसी स्नातक सीट पर 15 उम्मीदवार

MLC चुनाव: भागलपुर के 26 बूथों पर मतदान, कोसी स्नातक सीट पर 15 उम्मीदवार मैदान में

भागलपुर। बिहार विधान परिषद चुनाव के तहत कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान जारी है। भागलपुर जिले में मतदान के लिए 26 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भागीदारी देखने को मिल रही है। खबर के अनुसार, महिला मतदाताओं में भी उत्साह है।

भागलपुर में 24,514 मतदाता

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत भागलपुर जिले में कुल 24,514 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 17,838 पुरुष, 6,674 महिलाएं और दो अन्य मतदाता शामिल हैं।

नवगछिया प्रखंड कार्यालय के मतदान केंद्र संख्या 110 पर सबसे अधिक 1,342 मतदाता हैं, जबकि केंद्र संख्या 111 पर सबसे कम 399 मतदाता दर्ज हैं।

कोसी स्नातक सीट पर 15 उम्मीदवार

इस चुनाव में कुल 15 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। एनडीए ने मौजूदा एमएलसी डॉ. एनके यादव को लगातार तीसरी बार उम्मीदवार बनाया है। वहीं, राजद की ओर से नितेश यादव, कांग्रेस से मनोज जायसवाल और जन सुराज पार्टी से रजनीश रंजन मैदान में हैं।

भागलपुर के भाजपा विधायक रोहित पांडेय ने एनडीए प्रत्याशी डॉ. एनके यादव की जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि यादव ने युवाओं के बीच काम किया है और बड़ी संख्या में मतदाताओं को जोड़ा है। डॉ. एनके यादव ने भी अपनी जीत का दावा किया है।

मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

प्रशासन के अनुसार, मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जोनल मजिस्ट्रेट को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए माइक्रो ऑब्जर्वर और वीडियोग्राफर तैनात किए गए हैं। जिला नियंत्रण कक्ष को प्रत्येक दो घंटे पर मतदान की स्थिति की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।

मतपत्र पर ऐसे दर्ज करें अपनी पसंद

स्नातक निर्वाचन में मतदाता को अपनी पहली पसंद के उम्मीदवार के सामने अंक ‘1’ लिखना अनिवार्य है। अन्य उम्मीदवारों के सामने ‘2’, ‘3’ और आगे के अंक लिखना वैकल्पिक है।

मतदान के लिए निर्धारित बैंगनी स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा। मतदाताओं की बाईं तर्जनी पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की गई है।

मतदान के बाद सुरक्षित रखी जाएंगी मतपेटियां

मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों और निर्वाचन संबंधी दस्तावेजों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्धारित वज्रगृह तक पहुंचाया जाएगा। प्रशासन ने मतदान दलों को निर्धारित मार्ग का पालन करने और बिना आवश्यकता रास्ते में नहीं रुकने के निर्देश दिए हैं।