WPL 2027 ऑक्शन में यूपी ने 6 ऑलराउंडर खरीदे, RCB सबसे बैलेंस्ड; मुंबई की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत

WPL 2027 ऑक्शन में यूपी ने 6 ऑलराउंडर खरीदे, RCB सबसे बैलेंस्ड; मुंबई की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत

WPL 2027 ऑक्शन में यूपी ने 6 ऑलराउंडर खरीदे, RCB सबसे बैलेंस्ड; मुंबई की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के ऑक्शन में पांचों टीमों ने अपनी जरूरत के मुताबिक स्क्वॉड में बदलाव किए हैं। यूपी वॉरियर्ज ने 6 ऑलराउंडर्स पर भरोसा जताकर टीम में गहराई बढ़ाई,

जबकि डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने मजबूत कोर को बरकरार रखते हुए कुछ नए विकल्प जोड़े। मुंबई इंडियंस ने भारतीय खिलाड़ियों की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत की है।

ऑक्शन से पहले पांचों टीमों के पास कुल 27 स्लॉट खाली थे, जिनमें से 25 खिलाड़ियों को खरीदा गया। RCB और दिल्ली कैपिटल्स के पास एक-एक स्लॉट खाली रह गया। दोनों टीमों के पर्स में सिर्फ ₹5-5 लाख बचे हैं, जबकि खिलाड़ियों की न्यूनतम बेस प्राइस ₹10 लाख है।

इसलिए दोनों टीमें इस रकम से नया खिलाड़ी नहीं खरीद सकतीं।

यूपी वॉरियर्ज ने सोफी मोलिन्यू पर ₹1.10 करोड़ खर्च किए, जो टीम की सबसे बड़ी खरीद रहीं। ऑस्ट्रेलिया को 2026 टी-20 वर्ल्ड कप जिताने वाली मोलिन्यू के अलावा ग्रेस हैरिस, स्नेह राणा, आशा शोभना और सुषमा वर्मा को भी टीम में शामिल किया गया। मेग लैनिंग, फीबी लिचफील्ड, हरलीन देओल और प्रतीका रावल जैसे बल्लेबाज टीम के टॉप ऑर्डर को मजबूत बनाते हैं।

 हालांकि, विदेशी खिलाड़ियों की संख्या अधिक होने के कारण प्लेइंग-XI का संतुलन चुनौती रहेगा।

RCB ने जेस जोनासन को ₹40 लाख, तेजल हसबनिस और क्लो ट्रायन को ₹30-30 लाख और वृंदा दिनेश को ₹10 लाख में खरीदा। स्मृति मंधाना, एलिस पेरी, जॉर्जिया वोल और ऋचा घोष की मौजूदगी टीम के बल्लेबाजी क्रम को मजबूत बनाती है। गेंदबाजी में लॉरेन बेल, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, पूजा वस्त्राकर और अरुंधति रेड्डी जैसे विकल्प हैं।

 टीम की बड़ी चुनौती मिडिल ऑर्डर में नए खिलाड़ियों से लगातार प्रदर्शन हासिल करना होगी।

दिल्ली कैपिटल्स ने किरण नवगिरे को ₹75 लाख में खरीदा, जो ऑक्शन की सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी रहीं। शेफाली वर्मा, लौरा वोल्वार्ट और जेमिमा रोड्रिग्स के साथ किरण के जुड़ने से टीम की बल्लेबाजी में आक्रामकता बढ़ी है। मारिजाने कैप, एनाबेल सदरलैंड और चिनेल हेनरी ऑलराउंड विकल्प देते हैं। हालांकि, दिल्ली अब तक चार बार फाइनल में पहुंचने के बावजूद खिताब नहीं जीत सकी है।

 बड़े मैचों में दबाव संभालना टीम के लिए अहम चुनौती होगी।

गुजरात जायंट्स ने जी कमालिनी को ₹40 लाख, आयरलैंड की ऑर्ला प्रेंडरगास्ट को ₹30 लाख और समायरा राघव को ₹10 लाख में खरीदा। बेथ मूनी, एश्ले गार्डनर और सोफी डिवाइन जैसे अनुभवी विदेशी खिलाड़ियों से टीम को ऑलराउंड मजबूती मिलती है। भारतीय गेंदबाजी में रेणुका सिंह ठाकुर, काश्वी गौतम, राजेश्वरी गायकवाड़ और तनुजा कंवर विकल्प हैं।

 टीम की बल्लेबाजी में मूनी और गार्डनर पर काफी जिम्मेदारी रहेगी।

मुंबई इंडियंस ने ऑक्शन में 6 भारतीय खिलाड़ियों को शामिल किया। श्वेता सहरावत को ₹20 लाख, जबकि दिशा कासट, लतिका इनामदार, भारती रावल, सानिका चालके और अक्षिता भगत को ₹10-10 लाख में खरीदा गया। नैट साइवर-ब्रंट, हेली मैथ्यूज और अमेलिया केर की मौजूदगी मुंबई के विदेशी कोर को मजबूत बनाती है। हरमनप्रीत कौर मध्यक्रम की अहम कड़ी हैं और शबनिम इस्माइल तेज गेंदबाजी में अनुभव देती हैं।

 टीम के लिए युवा भारतीय बल्लेबाजों से लगातार प्रदर्शन हासिल करना बड़ी चुनौती होगी।

ऑक्शन के बाद सभी पांचों टीमों के पास अपनी अलग ताकत और कमजोरियां हैं। RCB का मौजूदा चैंपियन कोर उसे सबसे संतुलित टीमों में रखता है, जबकि यूपी ने ऑलराउंडर्स के जरिए स्क्वॉड में गहराई बढ़ाई है।

 मुंबई की भारतीय बेंच स्ट्रेंथ मजबूत हुई है,

 दिल्ली को फिनिशिंग और बड़े मैचों में प्रदर्शन सुधारना होगा, वहीं गुजरात को अपने अनुभवी खिलाड़ियों पर काफी निर्भर रहना पड़ेगा।