मीडिया पर भड़के अमिताभ बच्चन:कहा- शब्दों का गलत इस्तेमाल कर अपमान करते हैं,

मीडिया पर भड़के अमिताभ बच्चन:कहा- शब्दों का गलत इस्तेमाल कर अपमान करते हैं,

अमिताभ बच्चन मीडिया की रिपोर्टिंग पर भड़के

कृष्ण भक्ति की पोस्ट को धमकी से जोड़ने पर जताई नाराजगी, बोले- 5 करोड़ फॉलोअर्स में से 10 प्रतिशत भी इशारा मिलने पर तैयार हैं

अभिनेता अमिताभ बच्चन ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखकर मीडिया की रिपोर्टिंग पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके लिखे शब्दों को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है। बिग बी ने अपनी पोस्ट में 5 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स का जिक्र करते हुए कहा कि उनके एक इशारे पर बड़ी संख्या में लोग प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार हैं।

कृष्ण भक्ति की पंक्ति को बताया गलत तरीके से पेश किया

अमिताभ बच्चन ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर लिखा कि वे अक्सर भगवान श्रीकृष्ण के लिए प्रार्थना के रूप में 'हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की' पंक्ति का उच्चारण करते हैं। उनका कहना है कि एक न्यूज वेबसाइट ने इस धार्मिक पंक्ति को विरोधियों को चुनौती देने के संदर्भ में प्रकाशित कर दिया।

बिग बी ने इस तरह की रिपोर्टिंग को अनुचित बताते हुए कहा कि उनके शब्दों को बदलकर पेश किया जा रहा है। उन्होंने मीडिया को चेतावनी देते हुए अपने फॉलोअर्स की संख्या का भी उल्लेख किया।

न्यूज वेबसाइट की हेडलाइन पर उठाए सवाल

अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में 30 अक्टूबर को प्रकाशित न्यूज 18 की एक हेडलाइन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी पोस्ट को विरोधियों की धमकी के जवाब के रूप में पेश किया गया, जबकि मूल संदर्भ भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़ा था।

उन्होंने मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि खबरों में शब्दों का अर्थ बदलकर प्रस्तुत करना उचित नहीं है। बिग बी ने यह भी लिखा कि यदि उनसे कोई गलती होती है तो वे माफी मांगने और उसमें सुधार करने के लिए तैयार रहते हैं, लेकिन मीडिया भी अपनी जिम्मेदारी समझे।

29 अक्टूबर को ब्लॉग में लिखी थी पंक्ति

दरअसल, अमिताभ बच्चन ने 29 अक्टूबर को अपने आधिकारिक ब्लॉग पर लिखा था, 'ले आओ अपने हाथी घोड़े, हम भी ले आएंगे- हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की।'

उन्होंने उसी पोस्ट में यह भी लिखा था कि देखना है कि मीडिया इस पर क्या हेडलाइन बनाता है। अब उन्होंने इसी पोस्ट की रिपोर्टिंग को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

बुलेटप्रूफ शील्ड के पीछे से मिले फैंस से

इस बीच रविवार को अमिताभ बच्चन अपने बंगले जलसा के बाहर प्रशंसकों से मिलने पहुंचे। हाल ही में उनके बंगले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। रविवार को वे बुलेटप्रूफ कांच की सुरक्षा के बीच प्रशंसकों का अभिवादन करते नजर आए।

इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके पीछे मौजूद थे। पुलिसकर्मी बैरिकेडिंग के पास तैनात रहे और भीड़ पर नजर बनाए रखी।

धमकी के बाद जलसा के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया था। इसके बाद मुंबई पुलिस ने जलसा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी। रविवार को भी प्रशंसकों से मुलाकात के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।

डॉक्टरों ने दी थी आराम करने की सलाह

अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपने ब्लॉग पर बताया था कि डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने और सेहत पर ध्यान देने की सलाह दी है। उन्होंने शरीर को पूरी तरह ठीक होने के लिए समय देने की बात भी कही थी। इसके बावजूद उन्होंने रविवार को प्रशंसकों से मिलने की अपनी परंपरा जारी रखी।