शाहरुख के बर्थडे पर मन्नत की सिक्योरिटी बढ़ी:फैंस ने इकट्ठा होकर जश्न मनाया,
61वें जन्मदिन पर मन्नत के बाहर जुटे फैंस
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान आज 61 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर हर साल की तरह इस बार भी मुंबई स्थित उनके घर मन्नत के बाहर बड़ी संख्या में फैंस जुटे। हालांकि मन्नत में फिलहाल रेनोवेशन का काम चल रहा है, इसके बावजूद फैंस देर रात से ही घर के बाहर पहुंचने लगे।
शाहरुख को लगातार मिल रही सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच मन्नत के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। पुलिस बैरिकेडिंग के साथ आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।
रेनोवेशन के बीच प्रोजेक्टर से किया बर्थडे विश
मन्नत में मरम्मत का काम जारी होने के कारण इस बार घर की सामान्य झलक पहले जैसी नहीं दिख रही है। इसके बावजूद फैंस ने शाहरुख का जन्मदिन खास अंदाज में मनाया।
मन्नत की दीवारों पर प्रोजेक्टर स्क्रीन के जरिए शाहरुख खान की तस्वीर और जन्मदिन की शुभकामनाएं दिखाई गईं। घर के बाहर मौजूद फैंस ने भी शाहरुख के नाम के नारे लगाए और जन्मदिन का जश्न मनाया।
मन्नत के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
शाहरुख खान को सुरक्षा संबंधी धमकियां मिलने के बीच मन्नत के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। घर की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।
मन्नत के बाहर बैरिकेडिंग की गई है और रास्ते से गुजरने वाली गाड़ियों की जांच की जा रही है। फैंस की भीड़ को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा टीमों की ओर से निगरानी रखी जा रही है।
मुंबई सी-लिंक पर भी दिखी शाहरुख की तस्वीर
शाहरुख खान के जन्मदिन से पहले मुंबई सी-लिंक पर भी उनकी तस्वीर दिखाकर बर्थडे काउंटडाउन किया गया। शाहरुख ने खुद सोशल मीडिया पर सी-लिंक की तस्वीर शेयर की और फैंस के प्यार के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने बताया कि वह इस खास नजारे को देखने के लिए चुपचाप ड्राइव पर निकले थे। शाहरुख ने फैंस के लगातार मिल रहे प्यार को ‘किंग साइज प्यार’ बताते हुए आभार जताया।
बुर्ज खलीफा पर भी शाहरुख को बर्थडे विश
दुबई में भी शाहरुख खान के फैंस ने उनका जन्मदिन खास अंदाज में मनाया। हर साल की तरह इस बार भी बुर्ज खलीफा पर शाहरुख की तस्वीर और जन्मदिन की शुभकामनाएं दिखाई गईं।
दुबई में शाहरुख की बड़ी फैन फॉलोइंग है। इसी वजह से बुर्ज खलीफा पर उनकी तस्वीर के साथ बर्थडे विश करना उनके फैंस के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।
पिछले साल मन्नत नहीं पहुंचे थे शाहरुख
पिछले साल सुरक्षा कारणों के चलते शाहरुख खान अपने जन्मदिन पर मन्नत के बाहर फैंस से मिलने नहीं पहुंचे थे। उस समय मन्नत में रेनोवेशन का काम भी चल रहा था और शाहरुख अलीबाग में रह रहे थे।
उन्होंने भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए फैंस से माफी मांगी थी। हालांकि बाद में उन्होंने बांद्रा में फैन मीट-अप रखा था।
फैन मीट-अप में बेकाबू हुई थी भीड़
पिछले साल बांद्रा में आयोजित फैन मीट-अप के दौरान शाहरुख को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। उनके बाहर आते ही भीड़ बेकाबू हो गई थी।
एक फैन ने शाहरुख का हाथ पकड़ने की कोशिश की थी, जिसके बाद पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी थी। इस घटना के बाद शाहरुख के सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा को लेकर और सतर्कता बरती गई।
‘किंग’ को लेकर भी फैंस में उत्साह
शाहरुख खान के जन्मदिन पर जहां फैंस उनके घर के बाहर जश्न मना रहे हैं, वहीं उनकी आने वाली फिल्म ‘किंग’ को लेकर भी काफी उत्साह है। फिल्म के 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है।
शाहरुख की फिल्मों और उनके जन्मदिन से जुड़े सेलिब्रेशन हर साल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय रहते हैं। इस बार मन्नत के रेनोवेशन के बावजूद फैंस का उत्साह कम नहीं हुआ और देश-विदेश में अलग-अलग अंदाज में उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।
news desk MPcg