हिसार में होटल मालिक ने छत से लगाई छलांग, हालत गंभीर

हिसार में होटल मालिक ने छत से लगाई छलांग, हालत गंभीर

हिसार में होटल मालिक ने छत से लगाई छलांग, हालत गंभीर

मोबाइल चोरी को लेकर युवकों से हुआ था विवाद; पुलिस को बुलाने की सूचना मिलने पर घबराने की बात सामने आई! हरियाणा के हिसार शहर में डाबड़ा चौक स्थित होटल हैवन में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है।

 होटल मालिक सचिन ने पुलिस आने की सूचना मिलने के बाद कथित तौर पर घबराकर होटल की छत से छलांग लगा दी। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

मोबाइल चोरी को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, होटल में ठहरे कुछ युवकों के साथ मोबाइल चोरी की बात को लेकर होटल मालिक सचिन की कहासुनी हो गई थी। शुरुआत में यह विवाद मोबाइल को लेकर हुआ, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया। विवाद के दौरान युवकों ने पुलिस को सूचना देने के लिए डायल 112 पर कॉल कर दिया।

पुलिस बुलाने की जानकारी मिलते ही लगाई छलांग

बताया जा रहा है कि युवकों द्वारा पुलिस को फोन किए जाने की जानकारी होटल मालिक को मिली तो वह घबरा गया। इसी दौरान उसने होटल की छत से नीचे छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल सचिन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

छत पर चल रही थी शराब पार्टी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के समय होटल की छत पर शराब पार्टी चल रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस को छत पर रखी टेबल पर शराब और बीयर की बोतलें मिलीं। इसके अलावा वहां शराब के आधे भरे गिलास भी रखे हुए थे। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज के लिए डीवीआर कब्जे में

घटना की सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी की टीम होटल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के लिए डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस होटल से लैपटॉप भी अपने साथ ले गई। फुटेज के जरिए घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

शिकायत और बयान के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल अस्पताल से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है और न ही किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस का कहना है कि घायल होटल मालिक के बयान और शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।