तुषार कपूर से 5 करोड़ की फिरौती मांगी, लॉरेंस गैंग के नाम पर आया धमकी भरा कॉल
तुषार कपूर से 5 करोड़ की फिरौती मांगी, लॉरेंस गैंग के नाम पर आया धमकी भरा कॉल
बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगे जाने का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें लॉरेंस गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर के नाम से धमकी भरा फोन आया था। तुषार कपूर ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी, जिसके बाद मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई।
पुलिस जांच में आवाज नहीं हुई मैच
मुंबई क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। पुलिस ने कॉल में मौजूद आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक दोनों आवाजों में समानता नहीं मिली।
आवाज मैच नहीं होने के बाद पुलिस को आशंका है कि किसी व्यक्ति ने लॉरेंस गैंग और हैरी बॉक्सर का नाम इस्तेमाल कर तुषार कपूर को डराने और फिरौती मांगने की कोशिश की। अब पुलिस उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने कथित तौर पर धमकी भरा कॉल या ऑडियो भेजा था।
हैरी बॉक्सर पर कई लोगों को धमकी देने के आरोप
हैरी बॉक्सर पर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों को धमकी देने के आरोप लग चुके हैं। इनमें अभिनेता रणवीर सिंह का नाम भी शामिल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर के मैनेजर को कथित तौर पर एक वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी और रकम नहीं देने पर अभिनेता और उनके स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद भी हैरी बॉक्सर और लॉरेंस गैंग का नाम सामने आया था। इसके अलावा पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा और कॉमेडियन कपिल शर्मा से जुड़े मामलों में भी गैंग की धमकियों की चर्चा हुई है।
तुषार कपूर को ‘गोलमाल’ से मिली बड़ी पहचान
तुषार कपूर ने 2001 में फिल्म ‘मुझे कुछ कहना है’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म में उनके साथ करीना कपूर नजर आई थीं। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था।
इसके बाद उन्होंने ‘क्या दिल ने कहा’, ‘जीना सिर्फ मेरे लिए’, ‘ये दिल’ और ‘क्या कूल हैं हम’ जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता कॉमेडी फिल्मों से मिली। ‘गोलमाल’, ‘गोलमाल रिटर्न्स’ और ‘गोलमाल 3’ में उनके लकी के किरदार को काफी पसंद किया गया।
‘गोलमाल 5’ में फिर नजर आएंगे तुषार
तुषार कपूर फिल्मों के अलावा वेब सीरीज में भी काम कर चुके हैं। वह जल्द ही ‘गोलमाल 5’ में अपने लोकप्रिय किरदार लकी के रूप में नजर आएंगे। वह अभिनेता जितेंद्र और प्रोड्यूसर शोभा कपूर के बेटे हैं, जबकि एकता कपूर उनकी बड़ी बहन हैं।
तुषार ने 2016 में सरोगेसी के जरिए बेटे लक्ष्य का स्वागत किया था। 2021 में उन्होंने अपनी किताब ‘बैचलर डैड’ भी लिखी, जिसमें उन्होंने सिंगल पिता बनने के अपने अनुभव साझा किए।
news desk MPcg