इंडिगो फ्लाइट में इमरजेंसी गेट से छेड़छाड़, यात्री पर केस

इंडिगो फ्लाइट में इमरजेंसी गेट से छेड़छाड़, यात्री पर केस

इंडिगो फ्लाइट में इमरजेंसी गेट से छेड़छाड़, यात्री पर केस दर्ज

दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सोमवार देर रात एक यात्री की हरकत से हड़कंप मच गया। विमान के इमरजेंसी गेट के पास बैठे यात्री ने दरवाजे के लीवर पर लगे कवर से छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद विमान में अलार्म बजने लगा और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्रू मेंबर्स ने स्थिति पर नजर रखी। विमान को सुरक्षित पुणे एयरपोर्ट पर उतारा गया।

टेकऑफ के बाद यात्री ने छुआ लीवर का कवर

यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E6884 में हुई। विमान ने सोमवार रात करीब 12:45 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी और रात करीब 2 बजे पुणे पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, 33 वर्षीय गौरव सत्येंद्र रौतेला इमरजेंसी गेट के पास बैठा था। उड़ान के कुछ समय बाद उसने इमरजेंसी दरवाजे के लीवर पर लगे कवर से छेड़छाड़ की। इससे अलार्म बज उठा।

यात्री ने कहा- जिज्ञासावश छुआ था

पुलिस पूछताछ में यात्री ने बताया कि उसने केवल जिज्ञासावश लीवर के कवर को छुआ था। उसे पता नहीं था कि यह विमान के इमरजेंसी दरवाजे से जुड़ा हुआ है। हालांकि, विमान में इमरजेंसी गेट के सिस्टम से किसी भी तरह की छेड़छाड़ को गंभीर माना जाता है, क्योंकि इससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

क्रू मेंबर की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

घटना के बाद क्रू मेंबर ने पुणे एयरपोर्ट पुलिस को शिकायत दी। इसके आधार पर गौरव रौतेला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के लिए कहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

विमान के इमरजेंसी दरवाजे से जुड़ा सिस्टम यात्रियों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में अनजाने में या जिज्ञासावश की गई छेड़छाड़ भी गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है।