SMS अस्पताल में दीपावली पोस्टर पर विवाद

SMS अस्पताल में दीपावली पोस्टर पर विवाद

SMS अस्पताल के डॉक्टरों के WhatsApp ग्रुप में दीपावली के पोस्टर पर विवाद, पटाखों से होने वाले नुकसान की जागरूकता मुहिम पर छिड़ी बहस

जयपुर। राजस्थान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाले नुकसान को लेकर साझा किए गए एक जनजागरूकता पोस्टर पर विवाद खड़ा हो गया। अस्पताल के सीनियर फैकल्टी डॉक्टरों के आधिकारिक WhatsApp ग्रुप में इस पोस्टर को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ डॉक्टरों ने इसे अच्छी पहल बताया, जबकि कुछ ने सवाल उठाते हुए इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, SMS अस्पताल के ईएनटी (कान, नाक और गला) विभाग की ओर से पटाखों के तेज शोर से कानों को होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एक पोस्टर तैयार किया गया था। इसमें नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी गई थी।

ईएनटी विभाग की एचओडी डॉ. रेखा हर्षवर्धन ने इस कार्यक्रम का पोस्टर मेडिकल टीचर्स के आधिकारिक WhatsApp ग्रुप में साझा किया। इस पर विभाग के प्रोफेसर और RUHS के प्रिंसिपल डॉ. मोहनीश ग्रोवर ने इसे अच्छी पहल बताते हुए बधाई दी।

दीपावली को लेकर डॉक्टरों ने उठाए सवाल

पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रोफेसर और यूनिट हेड डॉ. धनंजय अग्रवाल ने सवाल उठाया कि दीपावली जैसे विशेष त्योहार पर ही कुछ लोगों को परेशानी क्यों होती है और इसके पीछे उनका मकसद क्या है।

वहीं, जेके लोन अस्पताल के सेवानिवृत्त शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रामबाबू शर्मा ने भी अपनी आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल किया कि हिंदू त्योहारों को ही क्यों निशाना बनाया जाता है। उन्होंने अन्य धर्मों के त्योहारों और उनसे जुड़ी गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी धर्मों के त्योहारों को लेकर समान दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए।

स्वास्थ्य जागरूकता से धार्मिक बहस तक पहुंचा मामला

बताया जा रहा है कि WhatsApp ग्रुप में कुछ डॉक्टरों की टिप्पणियों के बाद चर्चा ने धार्मिक और राजनीतिक रूप ले लिया। कुछ टिप्पणियों में हिंदू-मुस्लिम मुद्दों के साथ ईरान, इजरायल और फिलिस्तीन के बीच चल रहे संघर्ष का भी जिक्र किया गया।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े जागरूकता अभियानों को धार्मिक नजरिए से देखने के बजाय उनके वैज्ञानिक और सामाजिक महत्व पर चर्चा होनी चाहिए।

पटाखों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को लेकर जागरूकता फैलाना चिकित्सा संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे अभियानों का उद्देश्य किसी त्योहार या धर्म को निशाना बनाना नहीं, बल्कि लोगों को संभावित स्वास्थ्य नुकसान के प्रति जागरूक करना होना चाहिए।