शराब घोटाला उजागर करने वाले इंस्पेक्टर को प्रमोशन, ACB की FIR सिफारिश अब भी लंबित

शराब घोटाला उजागर करने वाले इंस्पेक्टर को प्रमोशन, ACB की FIR सिफारिश अब भी लंबित

शराब घोटाला उजागर करने वाले इंस्पेक्टर को प्रमोशन, ACB की FIR सिफारिश अब भी लंबित

हिसार में करोड़ों रुपये के शराब घोटाले और डिफॉल्टर फर्म को नियमों के विरुद्ध ठेके देने का मामला उजागर करने वाले टैक्स इंस्पेक्टर दिनेश मेहरा को पदोन्नति मिली है। उन्हें सहायक आबकारी एवं कराधान अधिकारी (AETO) बनाया गया है। हरियाणा सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, उनकी पदोन्नति 25 मई 2026 से नॉशनल बेसिस पर प्रभावी होगी।

85 करोड़ रुपये के घोटाले का किया था खुलासा

दिनेश मेहरा ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को शिकायत भेजकर आबकारी विभाग के तत्कालीन अधिकारियों और शराब ठेकेदारों के बीच कथित मिलीभगत का मामला उठाया था। शिकायत में जोरबा वाइन फर्म पर फतेहाबाद और हिसार के ठेकों की करोड़ों रुपये की लाइसेंस फीस बकाया होने के बावजूद ठेके दिए जाने का आरोप लगाया गया था।

डिफॉल्टर फर्म को दिए गए थे ठेके

आरोपों के मुताबिक, एक्साइज एक्ट 1914 के नियमों के तहत डिफॉल्टर फर्म अगले साल की नीलामी में हिस्सा नहीं ले सकती थी। इसके बावजूद जोरबा वाइन फर्म को फतेहाबाद में 2018-19 और 2019-20 के दौरान करोड़ों रुपये के ठेके दिए गए। हिसार में भी वर्ष 2019-20 में करीब 26 करोड़ रुपये का कारोबार सौंपा गया।

ACB ने FIR दर्ज करने की सिफारिश की

दिनेश मेहरा की शिकायत पर ACB हिसार ने जांच की। 6 फरवरी 2025 को SP ACB ने अपनी अंतिम रिपोर्ट में तत्कालीन DETC वीके शास्त्री और शराब ठेकेदार तरुण कुमार मेहता के खिलाफ FIR दर्ज करने की सिफारिश की थी। इसके बाद 20 मार्च 2025 को ADGP ACB पंचकूला ने विजिलेंस विभाग से FIR दर्ज करने की अनुमति मांगी।

सरकार के स्तर पर लंबित है फैसला

RTI के जवाब में 27 जुलाई 2026 को विजिलेंस विभाग ने बताया कि मामले में अंतिम निर्णय सरकार के स्तर पर लंबित है। आबकारी आयुक्त से टिप्पणी नहीं मिलने के कारण फाइल पर फैसला नहीं हो सका है। ऐसे में घोटाले से जुड़े आरोपों की जांच के बाद FIR दर्ज करने की सिफारिश पर अब तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।