इंदौर के क्लॉथ मार्केट में लगी आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

इंदौर के कपड़ा मार्केट स्थित एक दुकान में आज सुबह आग लग गई।आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने में सफल रही।

इंदौर के क्लॉथ मार्केट में लगी आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के कपड़ा मार्केट में सुबह करीब 7 बजे एक दुकान में आग लग गई। आस-पास के लोगों ने घटना की जानकारी दमकल विभाग व पुलिस प्रशासन को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है। क्लॉथ मार्केट में संकरी गलियों के चलते फायर ब्रिगेड और पानी के टैंकरों को अंदर पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे जानकरी मिली कि पंकज सोमानी की दुकान में आग लग गई है, जब तक वहां पहुंचा तो फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचकर आग बुझाने में लगी हुई थी।  घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। आग दुकान के चौथी मंजिल पर लगी थी। यहां कोई नहीं रहता है।
ड्यूटी पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने बताया कि सुबह करीब 6:45 बजे गोवर्धन चौक कपड़ा मार्केट में आग लगने की सूचना मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल बल के साथ मौके पर पहुंचकर आसपास की दुकानों को खाली कराया गया। समय रहते दमकल की टीम और हाईड्रोलिक क्रेन आ गई थी। पुलिस के मुताबिक पंकज सोमानी के चार मंजिला दुकान में आग लगी थी।