कानपुर में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, फंदे पर लटका मिला शव; परिजनों ने महिला मित्र पर लगाया हत्या का आरोप

कानपुर में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, फंदे पर लटका मिला शव; परिजनों ने महिला मित्र पर लगाया हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश के कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए युवक की महिला मित्र और उसके परिजनों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

देर रात फंदे से लटका मिला शव

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से फजलगंज क्षेत्र के रहने वाले धीरज सक्सेना पेशे से क्रेन चालक थे। बताया जा रहा है कि पिछले करीब 12 वर्षों से उनका एक तलाकशुदा महिला के साथ प्रेम संबंध था और दोनों चकेरी की कांशीराम कॉलोनी में साथ रह रहे थे। गुरुवार देर रात करीब दो बजे उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

संपत्ति विवाद में हत्या का आरोप

मृतक की बहन विनीता ने आरोप लगाया है कि धीरज की संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से महिला मित्र, उसकी बेटी और उसके भाई-बहनों ने मिलकर हत्या की और बाद में शव को फंदे से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या जैसा दिखाई दे। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगाया जाएगा।

हर पहलू से हो रही जांच

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।