Bihar Political News: जदयू के नरेंद्र नारायण यादव सर्वसम्मति से बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए
Bihar Political News: जदयू के नरेंद्र नारायण यादव सर्वसम्मति से बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए
पटना। Bihar Political News: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नरेंद्र नारायण यादव शुक्रवार को सर्वसम्मति से बिहार विधान सभा के उपाध्यक्ष चुन लिए गए ।विधानसभा की कार्रवाई शुरू होते ही सभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने बताया कि उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए कुल 11 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं । सभी प्रस्ताव एक ही सदस्य नरेंद्र नारायण यादव के संबंध प्राप्त हुए हैं । उन्होंने प्रथम प्रस्तावक होने के नाते उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को सदन में प्रस्ताव पेश करने की अनुमति दी। सिन्हा ने यादव के उपाध्यक्ष चुने जाने का प्रस्ताव पेश किया। जिसका अनुमोदन मंत्री प्रेम कुमार ने किया। इसके बाद सर्वसम्मति से नरेंद्र नारायण यादव को उपाध्यक्ष चुन लिया गया ।
19वें उपाध्यक्ष होंगे नरेंद्र नारायण यादव
गुरूवार को नरेंद्र नारायण यादव 19वें उपाध्यक्ष के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही उपाध्यक्ष का चयन हो गया। विधानसभा अध्यक्ष ने उनके प्रस्तावकों को घोषित किया और उन्हें निर्वाचित किया गया। इस पद पर पहले महेश्वर हजारी तैनात थे। लेकिन हाल ही में उन्होंने स्वेच्छा से पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद नरेंद्र यादव नामांकन दाखिल करने के लिए आगे आए।नरेंद्र नारायण यादव मधेपुरा के आलमनगर विधानसभा चुनाव क्षेत्र से चुनाव जीतकर आए हैं। वे विधानसभा के पुराने सदस्यों में से है।जो 1995 से लगातार अब तक पद में रहे हैं। उपाध्यक्ष के चयन के बाद नरेंद्र नारायण यादव ने अपने पहले संबोधन में पंच परमेश्वर को याद किया और उन्होंने कहा कि पंच न किसी के मित्र होता है न ही शत्रु।
नरेंद्र नारायण यादव ने सभी का आभार प्रकट किया
नरेंद्र नारायण यादव को उपाध्यक्ष चुने जाने पर सदन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया है। उनके उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राजद नेता भाई वीरेंद्र, कांग्रेस के अजीत शर्मा, भाकपा माले के महबूब आलम, कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी के अजय कुमार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राम रतन सिंह, एआइएमआइएम के अख़तरुल ईमान ने उन्हें बधाई दी।
Newsdesk