जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना बने जून महीने के आईसीसी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने जून महीने के आईसीसी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीतकर भारतीय क्रिकेट को एक और बड़ी खुशी दी है। बुमराह ने इस मामले में कप्तान रोहित शर्मा और अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज को पीछे छोड़ दिया। वहीं, महिला वर्ग में भारतीय उपकप्तान स्मृति मंधाना विजेता बनकर उभरीं।
टी20 विश्व कप में बुमराह का जलवा :
बुमराह ने हाल ही में संपन्न हुए टी20 विश्व कप में 15 विकेट झटके थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। 30 वर्षीय बुमराह ने वैश्विक टूर्नामेंट में 8.26 के औसत और 4.17 की इकॉनोमी रेट से गेंदबाजी की थी। भारतीय टीम ने बिना कोई मैच गंवाए टी20 विश्व कप का खिताब जीता था, जिसमें ग्रुप चरण का मुकाबला कनाडा के खिलाफ बारिश की भेंट चढ़ा था, लेकिन रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ने सभी आठ मुकाबले जीते थे।
बुमराह ने आईसीसी के हवाले से कहा, "मैं जून महीने का आईसीसी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवॉर्ड जीतकर काफी अभिभूत हूं। अमेरिका और वेस्टइंडीज में यादगार दिनों के बाद यह मेरे लिए विशेष उपलब्धि है। एक टीम के रूप में हमारे पास जश्न मनाने के लिए बहुत कुछ है और मुझे इस व्यक्तिगत उपलब्धि पर काफी खुशी हो रही है।"
स्मृति मंधाना का पहला पुरस्कार :
स्मृति मंधाना ने पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में दमदार प्रदर्शन किया था और तीन मैचों में दो शतक तथा एक अर्धशतक जड़े थे। उन्होंने इंग्लैंड की माएया बाउचियर और श्रीलंका की विशमी गुनारत्ने को पीछे छोड़कर महिला वर्ग में जून महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता। मंधाना ने पहले वनडे में 117 रन बनाए थे और दूसरे मैच में 136 रन की पारी खेली थी। तीसरे मैच में 90 रन बनाकर आउट होने से पहले उन्होंने 100 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 343 रन बनाए थे।
मंधाना ने कहा, "मुझे जून महीने का आईसीसी के महिला वर्ग का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने पर गर्व महसूस हो रहा है। जिस तरह से टीम ने प्रदर्शन किया और उसमें मेरा जो योगदान रहा, उससे मैं काफी खुश हूं। हमने वनडे और टेस्ट सीरीज जीती और मुझे उम्मीद है कि हम आगे भी इस लय को बरकरार रखेंगे तथा मैं भारत की जीत में आगे भी योगदान देती रहूंगी।
Newsdesk