ख्वाजा का बड़ा खुलासा: 2018 बॉल टेम्परिंग की जानकारी पूरी टीम को थी,

ख्वाजा का बड़ा खुलासा: 2018 बॉल टेम्परिंग की जानकारी पूरी टीम को थी,

ख्वाजा का बड़ा खुलासा: 2018 बॉल टेम्परिंग की जानकारी पूरी टीम को थी, पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में भी हुआ था सैंडपेपर का इस्तेमाल

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 2018 के चर्चित बॉल टेम्परिंग विवाद को लेकर बड़ा खुलासा किया है। ख्वाजा का दावा है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी सिर्फ स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को ही नहीं, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में भी सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था। ख्वाजा ने ये बातें सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड को दिए एक इंटरव्यू में कहीं। उनका यह बयान सामने आने के बाद करीब आठ साल पुराने विवाद पर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है।

ख्वाजा बोले- बल्लेबाज, गेंदबाज और सपोर्ट स्टाफ को थी जानकारी

ख्वाजा ने इंटरव्यू में कहा कि बॉल टेम्परिंग की जानकारी टीम के कई सदस्यों को थी। इसमें बल्लेबाज, गेंदबाज और सपोर्ट स्टाफ भी शामिल थे। उनके मुताबिक, इस घटना की जिम्मेदारी केवल उन तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, जिन्हें इसके लिए सजा दी गई थी। ख्वाजा लंबे समय से चाहते थे कि इस मामले में पूरी टीम अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करे। वे अपनी जल्द रिलीज होने वाली आत्मकथा 'सब्र' (Sabr) में भी इस विवाद से जुड़े अनुभवों और घटनाओं का जिक्र कर रहे हैं।

क्या था 2018 का सैंडपेपर कांड?

फरवरी-मार्च 2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गई थी। केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर रगड़ते हुए कैमरे में पकड़ा गया था। इसके बाद उन्होंने सैंडपेपर का टुकड़ा अपनी पैंट में छिपाने की कोशिश की थी। मामला सामने आने के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ ने स्वीकार किया था कि टीम के लीडरशिप ग्रुप ने गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाई थी। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था।

स्मिथ, वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर हुई थी कार्रवाई

बॉल टेम्परिंग विवाद के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच कर तीन खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की थी। तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर पर 12-12 महीने का प्रतिबंध लगाया गया था, जबकि कैमरन बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए निलंबित किया गया था। स्मिथ पर अतिरिक्त 12 महीने तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में नेतृत्व की जिम्मेदारी लेने पर भी रोक लगाई गई थी। वहीं वॉर्नर पर कप्तानी का आजीवन प्रतिबंध लगाया गया था, जिसे 2024 में हटा दिया गया। उस समय टीम के अन्य खिलाड़ियों ने इस घटना में शामिल होने की जानकारी से इनकार किया था।

ख्वाजा ने कहा- पूरी टीम को जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी

ख्वाजा ने बताया कि उन्होंने उस समय ड्रेसिंग रूम में भी खिलाड़ियों के सामने यह मुद्दा उठाया था। उनका कहना था कि यह पूरी टीम से जुड़ा मामला था और सभी को मिलकर इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी। ख्वाजा के मुताबिक, उन्हें उम्मीद थी कि आने वाले वर्षों में टीम का कोई दूसरा खिलाड़ी भी सामने आकर इस मामले की पूरी जानकारी देगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने यह भी दावा किया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच के दौरान उनसे कभी पूछताछ नहीं की, जबकि वे पूरे टेस्ट मैच में बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे।

2021 में चार गेंदबाजों ने आरोपों को किया था खारिज

ख्वाजा का ताजा बयान ऑस्ट्रेलिया के चार प्रमुख गेंदबाजों के 2021 में दिए गए संयुक्त बयान से अलग है। उस समय मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी होने के आरोपों को खारिज किया था। वहीं ख्वाजा ने कहा कि वे इस मामले में अपनी बात लंबे समय से सामने रखना चाहते थे। उन्होंने मौजूदा टेस्ट कप्तान पैट कमिंस को भी अपनी आत्मकथा में इस विवाद का जिक्र करने की जानकारी पहले ही दे दी थी।

आत्मकथा के जरिए फिर चर्चा में आया विवाद

ख्वाजा ने माना कि उनके खुलासे से कुछ खिलाड़ियों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं, लेकिन उनका मानना है कि इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने स्मिथ, वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट का समर्थन करते हुए कहा कि तीनों खिलाड़ियों को इस विवाद के बाद लंबे समय तक इसके परिणाम भुगतने पड़े। ख्वाजा ने इस साल की शुरुआत में एशेज सीरीज के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। अब उनकी आत्मकथा 'सब्र' के रिलीज होने से 2018 के बॉल टेम्परिंग विवाद पर एक बार फिर बहस तेज होने की संभावना है।