कमल हासन 72 साल के हुए: गोडसे को पहला हिंदू आतंकवादी बताने से लेकर सनातन पर बयान तक

कमल हासन 72 साल के हुए: गोडसे को पहला हिंदू आतंकवादी बताने से लेकर सनातन पर बयान तक

कमल हासन 72 साल के हुए: गोडसे को पहला हिंदू आतंकवादी बताने से लेकर सनातन पर बयान तक, कई विवादों में घिरे अभिनेता

भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कमल हासन आज 72 साल के हो गए हैं। करीब छह दशक लंबे फिल्मी करियर में उन्होंने अभिनय, निर्देशन, लेखन और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। अपनी फिल्मों में नए प्रयोग और बेहतरीन अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले कमल हासन को कई बड़े सम्मान भी मिल चुके हैं।

 हालांकि, उनका करियर जितना शानदार रहा है,

उतना ही चर्चा में उनकी निजी जिंदगी और बेबाक बयान भी रहे हैं। कभी नाथूराम गोडसे को आजाद भारत का पहला आतंकवादी बताने पर विवाद हुआ, तो कभी सनातन धर्म, भाषा और धार्मिक पहचान को लेकर उनकी टिप्पणियों पर विरोध देखने को मिला। उनके कई बयान राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बने।

कन्नड़ भाषा पर टिप्पणी से कर्नाटक में हुआ विवाद

साल 2025 में फिल्म 'ठग लाइफ' के ऑडियो लॉन्च कार्यक्रम में कमल हासन ने तमिल भाषा को अपने जीवन और रिश्तों का हिस्सा बताते हुए कहा था, 'उइरे उरावे तमीज'। इस दौरान उन्होंने कन्नड़ अभिनेता शिवराजकुमार को संबोधित करते हुए कहा कि वे भी उनके परिवार का हिस्सा हैं, क्योंकि कन्नड़ भाषा तमिल से पैदा हुई है।

 इस टिप्पणी पर कर्नाटक में विरोध शुरू हो गया।

बीजेपी नेताओं और कन्नड़ समर्थक संगठनों ने इसे कन्नड़ भाषा और उसके करोड़ों बोलने वालों का अपमान बताया। फिल्म के पोस्टर फाड़े गए और सार्वजनिक माफी की मांग उठी। कर्नाटक हाईकोर्ट ने भी कमल हासन को माफी मांगकर विवाद खत्म करने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने माफी मांगने से इनकार कर दिया। बाद में फिल्म की रिलीज को लेकर भी कर्नाटक में मुश्किलें सामने आईं।

गोडसे को पहला हिंदू आतंकवादी बताने पर मचा विवाद

साल 2019 में कमल हासन ने अपनी राजनीतिक पार्टी मक्कल नीधि मय्यम बनाकर चुनावी राजनीति में कदम रखा था। तमिलनाडु की अरवाकुरिची विधानसभा सीट पर उपचुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था कि आजाद भारत का पहला आतंकवादी एक हिंदू था और उसका नाम नाथूराम गोडसे था।

 उनके इस बयान पर कई हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई।

उनके खिलाफ शिकायतें भी दर्ज कराई गईं। बाद में कमल हासन ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने तमिल भाषा में 'थीविरावादी' शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसका अर्थ अतिवादी या उग्रवादी होता है। उनके मुताबिक, कई मीडिया रिपोर्ट्स में इसका अनुवाद आतंकवादी किया गया।

फिल्म 'विश्वरूपम' की रिलीज पर लगा था प्रतिबंध

साल 2013 में कमल हासन की फिल्म 'विश्वरूपम' को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। फिल्म में कुछ दृश्यों और मुस्लिम किरदारों के चित्रण पर कई मुस्लिम संगठनों ने आपत्ति जताई थी। उनका आरोप था कि फिल्म में मुस्लिम समुदाय को आतंकवाद से जोड़कर दिखाया गया है। सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिलने के बावजूद तमिलनाडु सरकार ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के चलते 23 जनवरी 2013 को फिल्म की रिलीज पर दो सप्ताह का प्रतिबंध लगा दिया।

कमल हासन ने इस फैसले को अदालत में चुनौती दी।

 विवाद के दौरान उन्होंने कहा था कि उन्होंने फिल्म बनाने के लिए अपना घर गिरवी रखा है और रिलीज नहीं होने पर आर्थिक रूप से बर्बाद हो सकते हैं। उन्होंने देश छोड़कर धर्मनिरपेक्ष जगह पर बसने तक की बात कही थी। बाद में मुस्लिम संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के बाद फिल्म के सात विवादित दृश्यों को म्यूट किया गया और 7 फरवरी 2013 को फिल्म रिलीज हुई।

सनातन धर्म पर बयान से राजनीतिक विवाद

अगस्त 2025 में राज्यसभा सांसद बने कमल हासन ने चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के महत्व पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि शिक्षा वह हथियार है, जिससे तानाशाही और सनातन की बेड़ियों को तोड़ा जा सकता है। उनके इस बयान पर बीजेपी नेताओं ने आपत्ति जताई। तमिलनाडु बीजेपी की उपाध्यक्ष खुशबू सुंदर ने कहा था कि शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताने की बात सही है, लेकिन इसके साथ सनातन धर्म को जोड़ना अनावश्यक था। इस टिप्पणी के बाद शिक्षा, धर्म और सामाजिक व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस शुरू हो गई।

धर्म और जाति के कॉलम खाली रखने की बात भी चर्चा में रही

साल 2018 में कमल हासन ने सोशल मीडिया पर बताया था कि उन्होंने अपनी दोनों बेटियों के स्कूल एडमिशन फॉर्म में धर्म और जाति से जुड़े कॉलम खाली छोड़े थे। उनका मानना था कि नई पीढ़ी को जाति की पहचान से ऊपर उठना चाहिए। हालांकि, इस बयान के बाद उनकी बेटी श्रुति हासन का एक पुराना इंटरव्यू चर्चा में आ गया, जिसमें उन्होंने खुद को अयंगर समुदाय से जुड़ा बताया था। इस वजह से कमल हासन की टिप्पणी पर सवाल उठाए गए।

बाढ़ राहत को लेकर तमिलनाडु सरकार पर उठाए सवाल

दिसंबर 2015 में चेन्नई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। हजारों लोग प्रभावित हुए और राहत कार्यों को लेकर राज्य सरकार की तैयारियों पर सवाल उठने लगे थे। उस समय कमल हासन ने सरकार से पूछा था कि राहत कार्यों के लिए आम लोगों से चंदा क्यों मांगा जा रहा है, जबकि सरकार के पास पर्याप्त संसाधन होने चाहिए। तत्कालीन मुख्यमंत्री जयललिता की सरकार के वित्त मंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने उनके बयान की आलोचना की थी। उन्होंने कमल हासन को जमीनी हालात की जानकारी नहीं होने की बात कही। बाद में अभिनेता ने अपनी टिप्पणी पर सफाई दी और माफी भी मांगी।

फिल्मों के निर्माण को लेकर निर्देशकों और निर्माताओं से मतभेद

कमल हासन अपनी फिल्मों के रचनात्मक और तकनीकी पहलुओं में गहरी दिलचस्पी लेते हैं। हालांकि, कई बार यही दखलंदाजी दूसरे फिल्ममेकर्स के साथ मतभेद की वजह बनी। साल 1987 में रिलीज हुई फिल्म 'नायकन' की मेकिंग पर लिखे एक लेख में उन्होंने निर्माता मुक्ता श्रीनिवासन के काम करने के तरीके की आलोचना की थी। इसके बाद निर्माता ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजा। फिल्म 'गुना' के निर्देशन को लेकर सिबी मलयिल से भी उनका तालमेल नहीं बैठा था। इसके अलावा 'थेवर मगन' की शूटिंग के दौरान निर्देशक भरतन और दूसरे फिल्ममेकर्स के साथ भी मतभेदों की चर्चा रही।

निजी जिंदगी और रिश्तों को लेकर भी रहे सुर्खियों में

कमल हासन की निजी जिंदगी भी कई बार सार्वजनिक चर्चा का विषय बनी। अभिनेत्री रेखा हैरिस ने साल 2020 में आरोप लगाया था कि 1986 में फिल्म 'पुन्नगई मन्नन' की शूटिंग के दौरान उनके साथ फिल्माया गया किसिंग सीन उनकी सहमति के बिना किया गया था। वहीं, उनकी पूर्व पार्टनर और अभिनेत्री गौतमी ने 2018 में आरोप लगाया था कि फिल्मों में कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग का काम करने के बावजूद उन्हें पूरा भुगतान नहीं मिला।

 कमल हासन और गौतमी करीब 13 साल तक साथ रहे थे।

उनके शुरुआती रिश्तों में अभिनेत्री श्रीविद्या और क्लासिकल डांसर वाणी गणपति का नाम भी चर्चा में रहा। कमल हासन ने 1978 में वाणी गणपति से शादी की थी। बाद में दोनों अलग हो गए। इसके बाद अभिनेत्री सारिका के साथ उनके रिश्ते की शुरुआत हुई। दोनों की बेटी श्रुति हासन का जन्म 1986 में हुआ और 1988 में उन्होंने शादी की। उनकी दूसरी बेटी अक्षरा हासन का जन्म 1991 में हुआ। कमल और सारिका 2004 में आधिकारिक तौर पर तलाक लेकर अलग हो गए।