नोरा फतेही ने सुकेश मामले में दर्ज कराया बयान, कोर्ट में बताई मुलाकात की कहानी

नोरा फतेही ने सुकेश मामले में दर्ज कराया बयान, कोर्ट में बताई मुलाकात की कहानी

नोरा फतेही ने सुकेश मामले में दर्ज कराया बयान, कोर्ट में बताई मुलाकात की कहानी

बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही ने शुक्रवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश होकर कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए की वसूली मामले में अपना बयान दर्ज कराया। वह इस मामले में सरकारी पक्ष की गवाह हैं। कोर्ट में उन्होंने बताया कि दिसंबर 2020 में चेन्नई में आयोजित एक चैरिटी कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात सुकेश की पत्नी लीना पॉलोज से हुई थी। इसी मुलाकात के दौरान फोन पर उनकी सुकेश से बातचीत भी कराई गई थी।

टी-सीरीज के काम के लिए भारत आई थीं नोरा

एडिशनल सेशन जज गगनदीप सिंह की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान नोरा ने बताया कि वह कनाडा की नागरिक हैं और मूल रूप से मोरक्को से ताल्लुक रखती हैं। वह टी-सीरीज म्यूजिक कंपनी के साथ काम करने के लिए वर्क वीजा पर भारत आई थीं। उन्होंने बताया कि विदेशी नागरिक होने के कारण भारत में उनके कार्यक्रमों की बुकिंग मैनेजमेंट कंपनी के माध्यम से होती थी और भुगतान भी उसी कंपनी को किया जाता था।

चैरिटी कार्यक्रम में चीफ गेस्ट के तौर पर हुई थीं शामिल

नोरा के मुताबिक, दिसंबर 2020 में उन्हें चेन्नई में आयोजित एक चैरिटी कार्यक्रम के लिए बुक किया गया था। इस कार्यक्रम की आयोजक लीना पॉलोज थीं, जो सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी हैं। एक्सीड एंटरटेनमेंट नाम की एजेंसी के जरिए नोरा की बुकिंग की गई थी। कार्यक्रम में उन्हें चीफ गेस्ट के तौर पर शामिल होना था और डांस प्रतियोगिता को जज करना था।

नोरा ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारी के दौरान उनकी टीम ने उन्हें जानकारी दी कि लीना पॉलोज अपने परिवार के साथ उनसे मिलना चाहती हैं। इसके बाद लीना परिवार के कुछ सदस्यों, दो वीडियोग्राफर और अन्य लोगों के साथ उनके कमरे में पहुंचीं। वे अपने साथ कुछ उपहार भी लेकर आई थीं।

लीना ने फोन पर कराई सुकेश से बात

नोरा ने अदालत को बताया कि मुलाकात के दौरान लीना ने कहा कि उनके पति उनसे बात करना चाहते हैं और चेन्नई आने के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं। इसके बाद लीना ने सुकेश को फोन लगाया और स्पीकर पर उनकी बात कराई।

नोरा के अनुसार, सुकेश ने फोन पर उनका धन्यवाद किया और कहा कि उनका परिवार नोरा का प्रशंसक है। उसने भविष्य में भी उनके साथ कई कार्यक्रम करने की बात कही। इसी बातचीत के दौरान लीना ने नोरा को कार उपहार में देने की बात कही। फोन पर मौजूद सुकेश ने भी उनसे कार स्वीकार करने के लिए कहा था।

पेशी से छूट मांगने पर कोर्ट ने जताई थी नाराजगी

इस मामले में नोरा को पहले भी गवाही के लिए अदालत में बुलाया गया था। हालांकि, 2 नवंबर को वह पेश नहीं हुई थीं। उनके वकील ने व्यक्तिगत रूप से पेश होने से छूट मांगी थी। इस पर अदालत ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि मामले को हल्के में नहीं लिया जा सकता और गवाह होने के नाते उन्हें अदालत में उपस्थित होना चाहिए था।

कोर्ट ने उनके व्यवहार को अनुचित बताते हुए पेशी को गंभीरता से लेने की बात कही थी। इसके बाद शुक्रवार को नोरा अदालत पहुंचीं और अपना बयान दर्ज कराया। मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी।

टीम ने स्पष्ट किया था- नोरा आरोपी नहीं, गवाह हैं

2 नवंबर को नोरा की गैरमौजूदगी के बाद कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उन्हें आरोपी बताया गया था। इस पर उनकी टीम ने सफाई जारी करते हुए कहा था कि नोरा इस मामले में आरोपी नहीं, बल्कि गवाह हैं। टीम के मुताबिक, उनके वकीलों ने अदालत को बताया था कि उन्हें समन बहुत कम समय पहले मिला था और पहले से तय काम के कारण वह उस दिन पेश नहीं हो सकीं।

जैकलीन फर्नांडिस की भूमिका भी जांच के दायरे में

सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामलों की जांच के दौरान अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी सामने आया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश ने खुद को कारोबारी बताकर जैकलीन से संपर्क और संबंध बनाए थे। इस दौरान उन्हें महंगे उपहार दिए जाने की बात भी सामने आई थी।

जैकलीन ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि सुकेश एक ठग है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दर्ज मामले में जैकलीन आरोपी हैं, जबकि दिल्ली पुलिस के एक्सटॉर्शन मामले में उन्हें गवाह बताया गया है। उन्होंने ED के मामले में भी गवाह बनने की अर्जी दी थी, जिसे अदालत ने स्वीकार नहीं किया।

क्या है 200 करोड़ रुपए की वसूली का मामला?

यह मामला कथित तौर पर सुकेश चंद्रशेखर की ओर से पूर्व रणबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपए की वसूली से जुड़ा है। आरोप है कि सुकेश ने खुद को कभी प्रधानमंत्री कार्यालय तो कभी गृह मंत्रालय का वरिष्ठ अधिकारी बताकर अदिति से संपर्क किया था।

उसने कथित तौर पर भरोसा दिलाया कि वह जेल में बंद उनके पति को बाहर निकलवाने में मदद कर सकता है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, सुकेश जेल के अंदर से फोन करता था और कॉल स्पूफिंग तकनीक के जरिए अपनी असली पहचान छिपाकर सरकारी नंबर दिखाता था। आरोप है कि 2020 से 2021 के बीच उसने अलग-अलग किस्तों में करीब 200 करोड़ रुपए वसूले।

अगस्त 2021 में अदिति सिंह ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

 इसके बाद आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने जांच शुरू की। कथित तौर पर एक करोड़ रुपए की अतिरिक्त मांग के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और सुकेश को गिरफ्तार किया। जांच में जेल से चलाए जा रहे कथित वसूली नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में MCOCA के तहत चार्जशीट दाखिल की। सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉल और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की गई।

जांच के दौरान सामने आया था नोरा का नाम

वसूली मामले की जांच के दौरान नोरा फतेही का नाम भी सामने आया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुकेश की ओर से उन्हें लग्जरी कार और उपहार दिए जाने की बात सामने आई थी। दिल्ली पुलिस ने सुकेश और लीना पॉलोज से उनके संपर्क को लेकर नोरा से पूछताछ की थी।

 एक पूछताछ के दौरान नोरा और सुकेश को आमने-सामने बैठाकर भी सवाल किए गए थे।

नोरा ने पुलिस को बताया था कि सुकेश से उनका संपर्क सीधे नहीं, बल्कि उसकी पत्नी लीना के माध्यम से हुआ था। बाद में दिल्ली पुलिस की तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में नोरा को अभियोजन पक्ष का गवाह बनाया गया। इसमें उनका नाम LW-3 यानी तीसरे गवाह के रूप में दर्ज है।