अभिजीत भट्टाचार्य ने दलेर मेहंदी पर उठाए सवाल: बेटे गुरदीप ने दिया जवाब
अभिजीत भट्टाचार्य ने दलेर मेहंदी पर उठाए सवाल: बेटे गुरदीप ने दिया जवाब, बोले- चंद व्यूज के लिए कुछ भी बोल देते हैं
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य और पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर उठे विवाद पर अब अभिजीत भट्टाचार्य ने भी टिप्पणी की है। उन्होंने एक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी पर लिप सिंकिंग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। अभिजीत के इस बयान पर दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने पिता का बचाव करते हुए कहा कि कुछ कलाकार चंद व्यूज पाने के लिए कहीं भी कुछ भी बयान दे देते हैं।
गुरदीप मेहंदी ने अभिजीत को दिया जवाब
एक लाइव परफॉर्मेंस के दौरान गुरदीप मेहंदी ने अपने पिता का समर्थन करते हुए दर्शकों से कहा कि वे जितने भी गाने गा रहे हैं, सभी लाइव हैं और इसमें किसी तरह की लिप सिंकिंग नहीं हो रही है। उन्होंने दर्शकों से दलेर मेहंदी के लिए तालियां बजाने की अपील भी की। गुरदीप ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से हमेशा लाइव गाना सीखा है। लाइव परफॉर्मेंस में गलतियां होना स्वाभाविक है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कलाकार दर्शकों को धोखा दे रहा है।
गुरदीप ने आगे कहा कि कुछ कलाकार चंद व्यूज के लिए कहीं भी कुछ भी बयान दे देते हैं।
उन्होंने अभिजीत भट्टाचार्य का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें इतने बड़े और दिग्गज गायक से इस तरह की टिप्पणी की उम्मीद नहीं थी। गुरदीप ने दावा किया कि उनके पिता उस कार्यक्रम में लिप सिंकिंग नहीं कर रहे थे और जरूरत पड़ने पर वे इससे जुड़ी फुटेज भी उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अच्छा और बुरा समय किसी के भी जीवन में आ सकता है।
अभिजीत भट्टाचार्य ने क्या कहा था?
अभिजीत भट्टाचार्य ने छत्तीसगढ़ के एक कार्यक्रम में परफॉर्मेंस के दौरान दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि एक कार्यक्रम में मंत्री मंच पर आकर बोले थे कि गायक गाना नहीं गा रहा है और उससे खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा। अभिजीत के मुताबिक, मंत्री की बात सही थी, लेकिन इसके बाद उन्हें ही गलत ठहराया जाने लगा। उन्होंने दर्शकों से कहा कि उनके कार्यक्रम में ऐसा नहीं होना चाहिए। अभिजीत ने कहा कि वे बेसुरा गा सकते हैं या थक सकते हैं, लेकिन हमेशा लाइव गाएंगे और दर्शकों को गाने के नाम पर सिर्फ होंठ हिलाकर धोखा नहीं देंगे।
उत्तराखंड के मेले में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस पर हुआ था विवाद
यह पूरा मामला 18 अक्टूबर को उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले से जुड़ा है। यहां दलेर मेहंदी परफॉर्म कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान उनके रुक-रुककर गाने को लेकर सवाल उठे। इसी बीच उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और दलेर मेहंदी को फटकार लगाई। मंत्री ने उन पर शराब पीकर कार्यक्रम में आने और दर्शकों को बेवकूफ बनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने यह भी कहा कि गायक ठीक से गाना नहीं गा रहे हैं।
इस दौरान दलेर मेहंदी ने मंत्री को कोई जवाब नहीं दिया और चुपचाप खड़े रहे। वे कुछ समय तक असहज नजर आए, लेकिन बाद में उन्होंने दोबारा अपनी प्रस्तुति शुरू कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया।
मीका सिंह ने किया था बड़े भाई का बचाव
घटना के बाद दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने अपने बड़े भाई का बचाव करते हुए कहा था कि दलेर मेहंदी ने जिंदगी में कभी शराब नहीं पी। मीका के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान उनके भाई की तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक परफॉर्म किया। उन्होंने मंत्री के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए माफी की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो कलाकार उत्तराखंड में कार्यक्रम करने से बच सकते हैं।
मंत्री सुबोध उनियाल बोले- माफी से बेहतर इस्तीफा देना
विवाद के बीच स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने भी अपने रुख पर कायम रहने की बात कही थी। फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, उनसे पूछा गया था कि अगर बीजेपी का वरिष्ठ नेतृत्व उन्हें दलेर मेहंदी से माफी मांगने का निर्देश देता है तो वे क्या करेंगे। इस पर उन्होंने कहा कि वे माफी मांगने के बजाय अपने पद से इस्तीफा देना पसंद करेंगे। मंत्री ने कहा कि उनके लिए किसी भी पद से ज्यादा महत्वपूर्ण आत्मसम्मान है और वे इससे समझौता नहीं करेंगे।
news desk MPcg