हिसार के बाजारों में बदला ट्रैफिक रूट, राजगुरु मार्केट में ऑटो के लिए अलग लेन
हिसार के बाजारों में बदला ट्रैफिक रूट, राजगुरु मार्केट में ऑटो के लिए अलग लेन
दीपावली और धनतेरस पर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए हिसार पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। इसके तहत राजगुरु मार्केट और पुराने बाजारों में वाहनों की आवाजाही के लिए नया रूट प्लान तैयार किया गया है। तलाकी गेट से नागोरी गेट होते हुए परिजात चौक तक ई-रिक्शा और ऑटो के लिए अलग लेन निर्धारित की गई है। वहीं, परिजात चौक से तलाकी गेट की ओर जाने वाला मार्ग वन-वे रहेगा।
10 अस्थायी और 19 स्थायी नाके तैनात
पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन के दिशा-निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक मुदगिल की देखरेख में यह व्यवस्था लागू की गई है। त्योहारों के दौरान बाजारों में शांति बनाए रखने और यातायात सुचारु रखने के लिए शहर में 10 अस्थायी नाके लगाए गए हैं। इसके अलावा 10 पैदल गश्त पार्टियां और चार विशेष पार्किंग पार्टियां तैनात की गई हैं। पूरे जिले में 19 स्थायी पुलिस नाके भी लगाए गए हैं।
राजगुरु मार्केट में ऑटो और ई-रिक्शा की अलग लेन
शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र राजगुरु मार्केट और पुराने बाजारों में वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए सड़क पर अलग-अलग लेन निर्धारित की गई हैं। तलाकी गेट से नागोरी गेट होते हुए परिजात चौक तक ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को सड़क के एक तरफ बनाई गई विशेष लेन में ही चलना होगा।
ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अलग लेन निर्धारित होने से निजी वाहनों को निकलने के लिए सड़क की बाकी दो लेन उपलब्ध रहेंगी। पुलिस का उद्देश्य बाजारों में वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करना और खरीदारों को जाम से राहत दिलाना है।
परिजात चौक से तलाकी गेट तक वन-वे व्यवस्था
नए ट्रैफिक प्लान के तहत परिजात चौक से तलाकी गेट की ओर जाने वाले रास्ते को वन-वे किया गया है। इस मार्ग पर चार पहिया और बड़े वाहनों, जैसे बसों की आवाजाही निर्धारित की गई है। वहीं, दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों के लिए अलग रूट तय किया गया है। वे परिजात चौक से नागोरी गेट की ओर होते हुए तलाकी गेट वाले रास्ते का उपयोग कर सकेंगे।
नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने पर होगी कार्रवाई
एएसपी मयंक मुदगिल ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोग अपने वाहन सड़कों के किनारे या नो-पार्किंग जोन में खड़े न करें। इससे बाजारों में आने-जाने वाले अन्य लोगों को परेशानी होती है और जाम की स्थिति बनती है।
उन्होंने वाहन चालकों से केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही गाड़ियां खड़ी करने और बाजारों में खरीदारी के लिए आगे पैदल जाने की अपील की। साथ ही भीड़ और यातायात दबाव कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
त्योहारों के दौरान बाजारों में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 10 पुलिस गश्ती पार्टियां सादे कपड़ों में बाजारों में पैदल गश्त कर रही हैं। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए एक अतिरिक्त पुलिस कंपनी भी तैनात की गई है।
सभी संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की ओर से बाजारों में लगातार निगरानी और अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
news desk MPcg