रामायण पार्ट-1 ने 4 दिन में कमाए 507 करोड़ रुपए: 2026 की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म बनी,
रामायण पार्ट-1 ने 4 दिन में कमाए 507 करोड़ रुपए: 2026 की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म बनी, पुष्पा-2 और धुरंधर-2 से अब भी पीछे
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म रामायण पार्ट-1 बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के महज चार दिनों में दुनियाभर में 507.20 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इस कमाई के साथ फिल्म 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, भारतीय फिल्मों की वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में यह चौथे नंबर पर है। फिल्म की कमाई की रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह कई बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
भारत में 252 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन
कलेक्शन ट्रैकर वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, रामायण पार्ट-1 ने रिलीज के चार दिनों में भारत में 252.78 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया है। वहीं, फिल्म का घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 301.64 करोड़ रुपए दर्ज किया गया। इसके साथ ही फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 507.20 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। घरेलू बाजार के साथ विदेशी सिनेमाघरों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
500 करोड़ का आंकड़ा पार करने में धुरंधर-2 से पीछे
रामायण पार्ट-1 ने चार दिनों में दुनियाभर में 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। हालांकि, इतनी बड़ी कमाई के बावजूद यह सबसे तेज 500 करोड़ रुपए कमाने वाली फिल्मों की सूची में धुरंधर-2 से पीछे है। धुरंधर-2 ने महज तीन दिनों में ही यह आंकड़ा पार कर लिया था। इसके अलावा पुष्पा-2 और बाहुबली-2 भी तेजी से 500 करोड़ रुपए का कलेक्शन करने वाली फिल्मों में शामिल हैं। इस तरह रामायण पार्ट-1 की शुरुआत शानदार रही है, लेकिन रफ्तार के मामले में कुछ बड़ी फिल्में अब भी आगे हैं।
दृश्यम-3 का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंची फिल्म
बॉक्स ऑफिस पर मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए रामायण पार्ट-1 के जल्द ही दृश्यम-3 का रिकॉर्ड तोड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। दृश्यम-3 ने दुनियाभर में 574 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है और यह 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में दूसरे स्थान पर बताई जा रही है। रामायण पार्ट-1 को इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए अभी करीब 67 करोड़ रुपए और कमाने होंगे। यदि फिल्म आने वाले दिनों में इसी रफ्तार से कमाई जारी रखती है, तो यह दूसरे स्थान पर पहुंच सकती है।
हिट होने के लिए 900 से 1000 करोड़ की कमाई जरूरी
ट्रेड एक्सपर्ट सुमित कडेल के मुताबिक, रामायण को हिंदी बाजार में हिट होने के लिए 900 से 1000 करोड़ रुपए का कलेक्शन करना होगा। वहीं, दुनियाभर में फिल्म को करीब 2500 करोड़ रुपए कमाने होंगे। उनका कहना है कि अगर फिल्म सोमवार और मंगलवार को 100-100 करोड़ रुपए की कमाई नहीं करती है, तो इसका कुल हिंदी कलेक्शन 600 से 700 करोड़ रुपए तक सीमित रह सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों का कारोबार फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के लिहाज से काफी अहम होगा।
ट्रेड एनालिस्ट के मुताबिक भारत में 1100 करोड़ का लक्ष्य
ट्रेड एनालिस्ट रोहित जायसवाल के अनुसार, फिल्म का बजट करीब 2000 करोड़ रुपए है। किसी फिल्म की कमाई का आकलन केवल सिनेमाघरों से होने वाले कलेक्शन के आधार पर नहीं किया जाता। सैटेलाइट, ओटीटी, म्यूजिक और इंटरनेशनल राइट्स से भी प्रोड्यूसर को कमाई होती है। उनके मुताबिक, 2000 करोड़ रुपए के बजट वाली फिल्म की स्टैंडर्ड थिएट्रिकल वैल्यू करीब 1200 करोड़ रुपए मानी जा सकती है।
इसमें भारत से लगभग 840 करोड़ रुपए की कमाई का अनुमान है।
रोहित जायसवाल का कहना है कि केवल 840 करोड़ रुपए का घरेलू कलेक्शन फिल्म को हिट का दर्जा दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं होगा। इसकी वजह यह है कि सिनेमाघरों से होने वाली कमाई में एग्जीबिटर्स का हिस्सा कटने के बाद डिस्ट्रीब्यूटर्स को रकम मिलती है। इसलिए भारत में फिल्म को हिट होने के लिए करीब 1100 करोड़ रुपए तक का कलेक्शन करना पड़ सकता है।
news desk MPcg