हर्षानंद का इंद्रदेव पर तंज, बोलीं- गद्दी पर रहने का हक नहीं

हर्षानंद का इंद्रदेव पर तंज, बोलीं- गद्दी पर रहने का हक नहीं
उज्जैन। मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया उर्फ हर्षानंद गिरि ने निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर इंद्रदेव पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने वीडियो जारी कर संत समाज और अखाड़ा परिषद की चुप्पी पर नाराजगी जताई। हर्षानंद ने कहा कि किसी भी संत पर गंभीर अपराध साबित होने के बाद उसे धार्मिक पद या गद्दी पर बने रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए।

हर्षानंद ने महामंडलेश्वर इंद्रदेव के नाम की तुलना पौराणिक इंद्रदेव से करते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा, "एक इंद्रदेव पहले भी सबकी सुनते थे, लेकिन अब एक और इंद्रदेव आ गए हैं, जो वही कांड कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि वह संतों या सनातन धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि गलत काम करने वालों के खिलाफ आवाज उठाती हैं।

संत समाज की चुप्पी पर उठाए सवाल

हर्षानंद ने कहा कि जब किसी संत पर दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न, जमीन हड़पने या शादी का झूठा वादा करने जैसे गंभीर आरोप सामने आते हैं, तब संत समाज खुलकर आवाज क्यों नहीं उठाता? उन्होंने कहा कि गलत काम करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह किसी भी अखाड़े का महामंडलेश्वर, संत या महंत हो।

उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में संत समाज और अखाड़ा परिषद की चुप्पी से समाज में गलत संदेश जाता है। उनके मुताबिक, अपराध साबित होने पर संबंधित व्यक्ति को पद से हटाया जाना चाहिए।

महिला ने दर्ज कराई महामंडलेश्वर के खिलाफ शिकायत

दरअसल, मुंबई की एक महिला ने निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर इंद्रदेव के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसने फेसबुक पर सत्संग के वीडियो देखने के बाद इंद्रदेव से संपर्क किया था। इसके बाद दोनों के बीच फोन और वीडियो कॉल के जरिए बातचीत होने लगी।

शिकायत के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया है कि वीडियो कॉल के दौरान इंद्रदेव अश्लील हरकतें करते थे। उसने वृंदावन स्थित सेवाधाम आश्रम में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का भी आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि उसके पास बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी है और विरोध करने पर उसे बदनाम करने की धमकी दी गई थी। लंबे समय तक चुप रहने के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मुंबई पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इन आरोपों की जांच की जा रही है और इन्हें फिलहाल आरोप के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

अखाड़ा परिषद कर सकती है कार्रवाई

मामले में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज ने एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने की बात कही है। उन्होंने बताया कि अखाड़े के पंच बैठक करेंगे और उसके बाद महामंडलेश्वर इंद्रदेव के खिलाफ कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा। उन्हें अखाड़े से निष्कासित करने के संबंध में भी विचार किया जा सकता है।

मॉडल से साध्वी बनीं हर्षानंद

हर्षा रिछारिया पहले मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में जानी जाती थीं। उन्होंने 18 अप्रैल को उज्जैन के मौनी तीर्थ आश्रम में महामंडलेश्वर सुमनानंद से दीक्षा लेकर संन्यास ग्रहण किया था। इसके बाद वे हर्षानंद गिरि के नाम से पहचानी जाने लगीं। संन्यास के बाद से ही वे धार्मिक आयोजनों और संत समाज से जुड़े मुद्दों पर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रही हैं।