क्रूज हादसे की जांच के लिए सक्रिय हुआ आयोग, तीन महीने में रिपोर्ट का लक्ष्य
बरगी डैम क्रूज हादसा: जांच आयोग 26 मई से करेगा काम शुरू, कलेक्ट्रेट में तय हुआ कार्यालय
जबलपुर के बरगी बांध क्रूज हादसे की जांच को लेकर अब प्रक्रिया तेज हो गई है। एकल जांच आयोग 26 मई से कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर-43 में अपना कामकाज शुरू करेगा। हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में गठित यह आयोग हादसे की पूरी जांच करेगा और तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा।
इस मामले को लेकर पहले आयोग के कार्यालय और संसाधनों की कमी पर सवाल उठाए गए थे। मीडिया रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए आयोग के लिए कलेक्ट्रेट में कमरा आवंटित कर दिया है। अब उम्मीद है कि जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी और लंबित कार्य आगे बढ़ेंगे।
हादसे के कारणों से लेकर जिम्मेदारी तय करने तक होगी गहन जांच
आयोग हादसे के कारणों की जांच करेगा और यह भी तय करेगा कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है। साथ ही बचाव और राहत कार्यों की पर्याप्तता की समीक्षा भी की जाएगी। यह जांच भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
जल परिवहन सुरक्षा पर भी होगा बड़ा आकलन
जांच आयोग राज्य में चल रही सभी नौकाओं, क्रूज और जल क्रीड़ा गतिविधियों का ऑडिट करेगा। इसके साथ ही इनलैंड वेसल्स एक्ट 2021 और एनडीएमए बोट सेफ्टी गाइडलाइंस 2017 के अनुसार सुरक्षा मानकों की जांच भी की जाएगी।
एक समान SOP और रेस्क्यू सिस्टम तैयार करने पर जोर
आयोग यह भी सुझाव देगा कि जल परिवहन और क्रूज संचालन के लिए एक समान मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) बनाई जाए। साथ ही हर पर्यटन स्थल पर क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विचार किया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी भी दुर्घटना पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
news desk MPcg