Bhopal: लव जिहाद के नाम पर दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन का दबाव और यातनाएं
भोपाल में दो अनाथ बहनों के साथ फरहान खान और उसके साथी ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन के लिए यातनाएं दीं। आरोपियों ने पीड़िताओं को जबरन मांस खाने, गांजा पीने और धर्म का अपमान करने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं और कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो अनाथ सगी बहनों के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ना का सनसनीखेज आरोप लगा है। जहांगीराबाद और अशोकागार्डन क्षेत्र में हुई इस घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि मुस्लिम युवकों ने न केवल उनके साथ शारीरिक शोषण किया, बल्कि उनके धर्म का अपमान करते हुए जबरन मांस खाने और गांजा पीने के लिए मजबूर किया।
TIT कॉलेज की छात्रा बनी शिकार
मूल रूप से बैतूल की रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि वह भोपाल के टीआईटी कॉलेज में बीटेक की छात्रा थी। वर्ष 2022 में वह अपने दूसरे वर्ष की पढ़ाई के दौरान कॉलेज के ही फरहान खान से मिली। फरहान ने उससे दोस्ती का हाथ बढ़ाया और धीरे-धीरे उसे अपने विश्वास में ले लिया। एक दिन वह युवती को अपने दोस्त के घर जहांगीराबाद ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस कृत्य का वीडियो बना लिया।
युवती को जब वीडियो की जानकारी हुई, तो फरहान ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने दावा किया कि वह उससे प्रेम करता है, लेकिन अगर युवती ने उसकी बात नहीं मानी तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। डर के मारे युवती चुप रही और इस दौरान उसने अपने परिवार से कोई बात साझा नहीं की।
ब्लैकमेलिंग और दोस्त के साथ संबंध बनाने का दबाव
वर्ष 2024 में फरहान की हैवानियत और बढ़ गई। उसने युवती को ब्लैकमेल करते हुए अपने दोस्त अबरार के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। पीड़िता ने बताया कि वह अपनी छोटी बहन के साथ अशोकागार्डन में रहती थी और इस पूरे समय उसने डर के कारण किसी से कुछ नहीं कहा।
छोटी बहन भी बनी शिकार
युवती ने पुलिस को बताया कि पिछले साल उसकी छोटी बहन भी उदास और गुमसुम रहने लगी थी। जब उसने कारण पूछा, तो छोटी बहन ने फरहान की क्रूरता का खुलासा किया। उसने बताया कि फरहान ने उसके साथ भी दुष्कर्म किया और उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था। दोनों बहनों को न केवल शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी गईं, बल्कि उनके धर्म का अपमान करते हुए उन्हें जबरन मांस खाने और गांजा पीने के लिए मजबूर किया गया। आरोपियों ने धर्म परिवर्तन के लिए भी दबाव डाला, जिसे पीड़िताओं ने लव जिहाद का हिस्सा बताया।
कॉलेज की अन्य छात्रा की शिकायत से मिली हिम्मत
पीड़िताओं ने बताया कि हाल ही में उन्हें पता चला कि कॉलेज की एक अन्य छात्रा ने भी फरहान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना ने दोनों बहनों को हिम्मत दी और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करने का फैसला किया। पीड़िताओं ने अपनी आपबीती पुलिस को बताई और फरहान खान व उसके साथी अबरार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की चुप्पी और मामला छुपाने की कोशिश
इस मामले ने भोपाल पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने इस मामले को मीडिया से छुपाने की कोशिश की। जब मामला किसी तरह सामने आया, तो पुलिस आयुक्त से लेकर जांच में शामिल अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। जिन थानों में यह मामला दर्ज हुआ, वहां के थाना प्रभारियों ने तो फोन उठाना तक बंद कर दिया। इस चुप्पी ने मामले की गंभीरता को और उजागर किया है।
news desk MPcg