दमोह: सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग ने बिखेरा मातम, युवक घायल, बच्चे बचे
दमोह जिले के रुसंदो गांव में एक लगन समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग से विक्रम सिंह ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। लापरवाही से की गई फायरिंग के बाद उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के रुसंदो गांव में शनिवार रात एक लगन (सगाई) कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग की गई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि बुंदेलखंड के गांवों में शादियों और समारोहों में हर्ष फायरिंग का चलन आम है। लेकिन कई बार यह फायरिंग लापरवाही से की जाती है, जिससे हादसे हो जाते हैं। रुसंदो गांव में भी ऐसा ही हुआ। लोधी समाज के एक परिवार में लगन समारोह चल रहा था और काफी लोग मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति बंदूक लेकर घूम रहा था और उसने लापरवाही से बंदूक नीचे की ओर करके फायर कर दिया।
गोली से निकले छर्रे धोराज गांव के रहने वाले विक्रम सिंह ठाकुर को लग गए और वह घायल हो गए। गोली चलने के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घायल को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और फिर जबलपुर रेफर कर दिया गया।
जब घायल को जिला अस्पताल लाया गया तो उसके परिजनों ने बताया कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति काफी देर से बंदूक को लापरवाही से लेकर घूम रहा था। घायल विक्रम सिंह ठाकुर ने बताया कि जिस दिशा में गोली चलाई गई, वहाँ बच्चे भी खड़े थे। अगर गोली उसे नहीं लगती, तो बच्चे घायल हो सकते थे। घायल ने यह भी बताया कि वह गोली चलाने वाले को पहचानता तो नहीं, लेकिन शक्ल से जानता है। उसके जांघ में छर्रे लगे हैं। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।