RCB मार्केटिंग हेड निखिल सोसले को पुलिस ने बेंगलुरु एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार.....

RCB मार्केटिंग हेड निखिल सोसले को पुलिस ने बेंगलुरु एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार.....

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बेंगलरु में 4 जून को RCB की व‍िक्ट्री परेड से पहले हुई भगदड़ मामले में पुल‍िस ने यह पहली ग‍िरफ्तारी की है. वहीं 3 लोगों को ह‍िरासत में ल‍िया गया है. इस मामले में पुल‍िस ने FIR दर्ज की थी. ज‍िसके बाद यह एक्शन हुआ है. जानकारी के मुताबिक, निखिल सोसले मुंबई भागने की फिराक में थे और जैसे ही वह एयरपोर्ट पहुंचे, पुलिस ने उन्हें धर दबोचा. निखिल से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बेंगलुरु में RCB की जीत के बाद हुई व‍िक्ट्री परेड से पहले हुई भगदड़ में और अव्यवस्था में उनकी भूमिका कितनी गंभीर थी. इस घटना में 11 लोगों की जान चली गई थी और कई घायल हुए थे.

यह गिरफ्तारी इस मामले में बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है और इससे आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं. वहीं कर्नाटक क्रिकेट संघ के सचिव शंकर और कोषाध्यक्ष जयराम फरार हैं. पुलिस उनके घर पहुंची, लेकिन वे वहां नहीं मिले.इससे पहले, आरसीबी ने भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 समर्थकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी.

बेंगलुरु भगदड़ को लेकर BJP नेता गिरिराज सिंह ने मांगी कर्नाटक CM का इस्तीफा ......

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 18 साल के इंतजार के बाद आईपीएल ट्रॉफी उठाने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत के जश्न के दौरान बुधवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में कई लोगों की मौत पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की मांग की है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गुरुवार को कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री निर्दयी हैं। उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान की निंदा की, जिसमें उन्होंने इस घटना की तुलना कुंभ मेले से की।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि उन्होंने जिन शब्दों का प्रयोग किया है, उन्हें शर्म आनी चाहिए। आखिर वे भी राहुल गांधी का ही कुनबा हैं, जो देश की सेना का सम्मान नहीं करते, देश का सम्मान नहीं करते।

आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम जीत के जश्न के लिए बुधवार को बेंगलुरु में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंची थी। स्टेडियम खचाखच भरा था और लाखों की संख्या में बाहर इंतजार कर रहे फैंस अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।