BCCI के निर्देश के बाद KKR ने छोड़ा मुस्ताफिजुर, 9.20 करोड़ का सौदा रद्द

1 / 1

1.

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आईपीएल 2026 से पहले बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया है। यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश के बाद लिया गया। केकेआर ने पिछले महीने हुई आईपीएल मिनी नीलामी में मुस्ताफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस दौरान चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनकी कड़ी बोली लगी थी, जिससे यह सौदा आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी तेज गेंदबाजों में शामिल हो गया था।

केकेआर की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि बीसीसीआई/आईपीएल ने आगामी सीजन से पहले फ्रेंचाइजी को मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया था। बोर्ड के दिशा-निर्देशों और सभी आवश्यक प्रक्रियाओं के पालन के बाद यह निर्णय लिया गया। साथ ही बीसीसीआई ने आईपीएल नियमों के तहत केकेआर को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी शामिल करने की अनुमति भी दे दी है, जिसकी जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

मुस्ताफिजुर की रिलीज के पीछे राजनीतिक और कूटनीतिक कारणों को भी अहम माना जा रहा है। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हुए हमलों के बाद भारत में चिंता जताई गई थी, जिसके चलते आईपीएल 2026 में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर सवाल उठने लगे। इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई और केकेआर के सह-मालिक शाहरुख खान तक को आलोचना का सामना करना पड़ा।

30 वर्षीय मुस्ताफिजुर रहमान 2016 से अब तक आठ आईपीएल सीजन खेल चुके हैं और उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व किया है। आईपीएल 2026 में उन्हें पहली बार केकेआर की जर्सी पहननी थी, लेकिन अब यह संभव नहीं हो पाएगा। भारत-बांग्लादेश के बीच बिगड़ते रिश्तों और स्थगित द्विपक्षीय सीरीज के चलते यह फैसला और भी अहम माना जा रहा है।