कैबिनेट बैठक में शिक्षकों की सैलरी बढ़ाने का प्रस्ताव, 5 हजार तक बढ़ सकता है वेतन

1 / 1

1.

भोपाल: मोहन कैबिनेट की अहम बैठक आज, शिक्षकों को मिल सकती है बड़ी राहत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज सुबह 11 बजे मंत्रालय में मोहन कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक को कई मायनों में खास माना जा रहा है, क्योंकि इसमें पहली बार ई-कैबिनेट एप्लीकेशन का इस्तेमाल किया जाएगा। सभी प्रस्ताव डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत होंगे, जिससे शासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और गति आने की उम्मीद है।

कैबिनेट बैठक में प्रदेश के शिक्षकों से जुड़ा बड़ा फैसला लिया जा सकता है। जानकारी के अनुसार, 35 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों को चतुर्थ समयमान वेतनमान देने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है, तो प्रदेश के करीब 1 लाख 25 हजार शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके वेतन में हर माह 4 से 5 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी संभव है। शिक्षक लंबे समय से इस मांग को लेकर सरकार से अपेक्षा लगाए बैठे हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर चतुर्थ समयमान वेतनमान देने की घोषणा की थी। आज की बैठक में इस घोषणा को अमलीजामा पहनाए जाने की पूरी संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में इस वेतनमान का लाभ केवल प्राचार्य और व्याख्याताओं को मिल रहा है, जबकि अन्य शिक्षक वर्षों से इसका इंतजार कर रहे हैं।

इसके अलावा कैबिनेट बैठक में जल संसाधन विभाग की मालवा क्षेत्र से जुड़ी दो महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं पर भी चर्चा हो सकती है। साथ ही प्रदेश में वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने से जुड़े प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया जा सकता है।

मोहन कैबिनेट की इस बैठक पर प्रदेशभर के शिक्षक और कर्मचारी वर्ग की निगाहें टिकी हुई हैं। यदि प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है, तो यह फैसला शिक्षकों के लिए आर्थिक राहत और सरकार के प्रति भरोसे को मजबूत करने वाला साबित होगा।