जनरल नरवणे की किताब लीक मामला: अंतरराष्ट्रीय साजिश के संकेत, स्पेशल सेल की जांच तेज

1 / 1

1.

नई दिल्ली: पूर्व आर्मी चीफ जनरल (सेवानिवृत्त) एमएम नरवणे की किताब ‘Four Stars Of Destiny’ के कथित लीक मामले ने अब गंभीर साजिश का रूप ले लिया है। सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि पुस्तक को रक्षा मंत्रालय (MoD) की अनिवार्य क्लीयरेंस के बिना सुनियोजित तरीके से सार्वजनिक किया गया।

बताया जा रहा है कि किताब की प्रतियां सबसे पहले कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी और अमेरिका में ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध हुईं। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आपराधिक साजिश की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच का दायरा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक बढ़ा दिया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि लीक कॉपी सबसे पहले .io डोमेन पर अपलोड की गई, जो ब्रिटिश इंडियन ओशन टेरिटरी से जुड़ा कंट्री कोड है। इसके बाद सामग्री कई अन्य होस्टिंग प्लेटफॉर्म्स पर फैल गई। स्पेशल सेल अब किताब के ISBN नंबर की भी जांच कर रही है। 13 अंकों का यह इंटरनेशनल स्टैंडर्ड बुक नंबर प्रकाशन की आधिकारिक पहचान होता है। लीक वर्जन में मिला ISBN नंबर Penguin India द्वारा प्रकाशित इसी पुस्तक से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रकाशक से भी पूछताछ की जा रही है।

इसी बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने की बात कही है। आरोप है कि उन्होंने सदन को गुमराह किया। प्रस्ताव कब पेश होगा, इस पर अंतिम निर्णय जल्द हो सकता है।