भोपाल में ‘संभावना’ गतिविधि के तहत आल्हा-ऊदल नृत्य-नाट्य का मंचन आज

भोपाल में ‘संभावना’ गतिविधि के तहत आल्हा-ऊदल नृत्य-नाट्य का मंचन आज

भोपाल। मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में कला प्रेमियों के लिए विशेष प्रस्तुति का आयोजन किया जा रहा है। “संभावना” गतिविधि के अंतर्गत 12 अप्रैल 2026 को शाम 7 बजे नृत्य-नाट्य आल्हा-ऊदल का मंचन होगा। इस प्रस्तुति का निर्देशन चंद्रमाधव बारिक द्वारा किया जा रहा है।

यह नृत्य-नाट्य पहली बार मंचित किया जा रहा है, जिसे लेकर कलाकारों और दर्शकों में खास उत्साह देखा जा रहा है। इस प्रस्तुति का आलेख योगेश त्रिपाठी ने तैयार किया है, जबकि संगीत संयोजन कुलदीप सारवा द्वारा किया गया है।

मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में हर रविवार आयोजित होने वाली “संभावना” गतिविधि के माध्यम से प्रदेश के पांच लोकांचलों और सात प्रमुख जनजातियों की समृद्ध कला परंपराओं को मंच दिया जाता है। इसके साथ ही देश के अन्य राज्यों की विविध कलाओं को भी समझने और देखने का अवसर आमजन को मिलता है।

इस आयोजन के जरिए लोककला और जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके।