प्याज के दामों ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें, MSP की मांग को लेकर नासिक-मुंबई हाईवे पर लगा जाम
प्याज ने किसानों को रुलाया MSP नहीं मिलने से भड़के किसान, नासिक-मुंबई हाईवे पर लगाया जाम महाराष्ट्र के नासिक में प्याज की गिरती कीमतों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एशिया के सबसे बड़े प्याज उत्पादक क्षेत्रों में शामिल नासिक में किसान अपनी फसल का सही दाम न मिलने से सड़क पर उतर आए। नाराज किसानों ने मुंबई-आगरा हाईवे पर जाम लगाकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
दो महीने में टूटे प्याज के दाम
लागत भी नहीं निकलने से किसानों में भारी गुस्सा किसानों का कहना है कि पिछले दो महीनों में प्याज की कीमतों में भारी गिरावट आई है। हालात ऐसे हो गए हैं कि उन्हें अपनी फसल का लागत मूल्य तक नहीं मिल पा रहा। इसी वजह से किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) लागू करने और बेहतर दाम देने की मांग तेज कर दी है।
हाईवे जाम से बढ़ी परेशानी
घंटों फंसे वाहन, प्रदर्शन में विपक्षी नेता भी शामिल नासिक के चांदवड़ इलाके में किसानों ने हाईवे जाम कर दिया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इस प्रदर्शन में महाविकास अघाड़ी के कई नेता भी किसानों के समर्थन में शामिल हुए। नेताओं ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया।
सरकार के ऐलान से नहीं माने किसान
1580 रुपये प्रति क्विंटल का भाव भी कम बताया केंद्र सरकार ने मंगलवार को प्याज का भाव 1580 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया, लेकिन किसानों और विपक्षी नेताओं ने इसे नाकाफी बताया। उनका कहना है कि यह कीमत किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है और इतने कम दाम में खेती बचाना मुश्किल हो जाएगा।
किसानों की एक ही मांग
फसल का सही दाम दो प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि सरकार को प्याज उत्पादकों के लिए ठोस नीति बनानी होगी, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके और उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर न होना पड़े।
news desk MPcg