दिल्ली के ब्रिटानिया चौक का बदला नाम, अब 'अश्विनी चोपड़ा मिन्ना चौक' के नाम से होगी पहचान

दिल्ली के ब्रिटानिया चौक का बदला नाम, अब 'अश्विनी चोपड़ा मिन्ना चौक' के नाम से होगी पहचान

राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र स्थित शकूरपुर के प्रसिद्ध ब्रिटानिया चौक का नाम बदलकर अब 'अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक' कर दिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को नए नाम वाले चौक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह चौक वर्षों से यहां स्थित ब्रिटानिया फैक्ट्री के कारण "ब्रिटानिया चौक" के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब इसे वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी और पूर्व सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा 'मिन्ना' की स्मृति में नया नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने का प्रयास है।

सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब केसरी समूह से जुड़े अश्विनी चोपड़ा ने पत्रकारिता के माध्यम से समाज की आवाज बुलंद की और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनका जीवन सार्वजनिक सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा, इसलिए उनकी पुण्यतिथि पर यह सम्मान उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

अश्विनी चोपड़ा कौन थे

अश्विनी कुमार चोपड़ा भारत की 16वीं लोकसभा के सदस्य रहे और वर्ष 2014 में हरियाणा के करनाल संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर सांसद चुने गए थे। वे देश के प्रमुख हिंदी समाचार पत्र पंजाब केसरी के निदेशक और संपादक भी रहे। पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनके योगदान को व्यापक रूप से सराहा गया।

स्थानीय लोगों में उत्साह

चौक के नाम परिवर्तन के बाद स्थानीय नागरिकों और पंजाब केसरी परिवार से जुड़े लोगों ने इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया। उद्घाटन समारोह के दौरान नए नाम का शिलापट्ट भी अनावरण किया गया। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में सभी सरकारी रिकॉर्ड, संकेतक बोर्ड और दिशा-निर्देशों में भी नए नाम को शामिल किया जाएगा।

दिल्ली सरकार का कहना है कि राजधानी के महत्वपूर्ण स्थलों को उन व्यक्तित्वों के नाम समर्पित किया जा रहा है जिन्होंने देश और समाज के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इसी कड़ी में अब ब्रिटानिया चौक की पहचान 'अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक' के रूप में होगी।