इंदौर में रास्ता देने के विवाद में रिटायर्ड फौजी ने की फायरिंग, युवक के पेट में लगी गोली; पिता-पुत्र हिरासत में, वीडियो वायरल
इंदौर में रास्ता देने के विवाद में रिटायर्ड फौजी ने की फायरिंग, युवक के पेट में लगी गोली; पिता-पुत्र हिरासत में, वीडियो वायरल
इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में रास्ता देने को लेकर हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। कृष्णबाग इलाके में सोमवार देर रात एक रिटायर्ड फौजी ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दो से तीन राउंड फायर कर दिए। इस घटना में रक्षित नाम के युवक के पेट में गोली लगने की बात सामने आई है।
घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपी का पिस्टल लेकर लोगों को धमकाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना की शुरुआत रिटायर्ड फौजी नीरज के बेटे केशव और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद से हुई। सोमवार देर रात कृष्णबाग इलाके में कुछ महिलाएं और लड़कियां कुर्सियां लगाकर बैठी थीं।
इसी दौरान वहां से निकलने को लेकर रास्ता देने की बात पर केशव का उनसे विवाद हो गया। विवाद के बाद केशव वहां से चला गया और घर पहुंचकर अपने पिता नीरज को पूरी घटना बताई।
लाइसेंसी पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचा आरोपी
बेटे से विवाद की जानकारी मिलने के बाद नीरज कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उसने वहां मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज की और दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान रक्षित के पेट में गोली लग गई। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
पिस्टल लेकर लोगों को धमकाने का वीडियो वायरल
घटना के बाद आरोपी का पिस्टल लेकर घूमते और लोगों को डराते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले में वायरल वीडियो और घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने पिता-पुत्र को हिरासत में लिया
फायरिंग की सूचना मिलते ही एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रिटायर्ड फौजी नीरज और उसके बेटे केशव को हिरासत में लिया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के समय घायल रक्षित के बयान दर्ज नहीं हो सके थे। पुलिस अब विवाद की वजह, फायरिंग की परिस्थितियों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
news desk MPcg