भोपाल में सजा रावण के पुतलों का अनोखा बाजार, 800 से 40 हजार रुपए तक कीमत; बारिश से बचाने के लिए बनाए वॉटरप्रूफ पुतले
भोपाल में सजा रावण के पुतलों का अनोखा बाजार, 800 से 40 हजार रुपए तक कीमत; बारिश से बचाने के लिए बनाए वॉटरप्रूफ पुतले
भोपाल में दशहरे के त्योहार को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
शहर में इन दिनों एक अनोखा बाजार लोगों का ध्यान खींच रहा है, जहां कपड़े, खिलौने या रोजमर्रा का सामान नहीं, बल्कि रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले बिक रहे हैं।
लिंक रोड नंबर-2 सहित तुलसीनगर, सेकंड स्टॉफ, बांसखेड़ी, ईंटखेड़ी और पंचशील नगर जैसे इलाकों में पुतलों की दुकानें सजी हुई हैं। यहां 2 से 20 फीट तक ऊंचे पुतले बिक्री के लिए रखे गए हैं। वहीं, विशेष ऑर्डर पर 40 फीट या उससे अधिक ऊंचाई के पुतले भी तैयार किए जा रहे हैं।
शहर में 7 हजार से ज्यादा जगह होगा रावण दहन
दशहरे पर भोपाल में 18 से अधिक स्थानों पर बड़े स्तर पर रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा शहर की करीब 7 हजार गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में भी रावण के पुतले जलाए जाएंगे। इसी मांग को देखते हुए 300 से अधिक कारीगर पिछले डेढ़ से दो महीने से पुतले बनाने में जुटे हुए हैं।
अब तैयार पुतलों को सड़कों के किनारे बिक्री के लिए सजाया गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ बाजार पहुंचे और अपनी जरूरत के हिसाब से पुतलों की खरीदारी की। खरीदारी का सिलसिला मंगलवार शाम तक जारी रहने की उम्मीद है।
800 से 40 हजार रुपए तक है पुतलों की कीमत
बाजार में छोटे पुतलों से लेकर बड़े आकार के आकर्षक पुतले उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 800 रुपए से शुरू होकर 40 हजार रुपए तक पहुंच रही है।
पुतलों की कीमत उनके आकार, निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और सजावट के आधार पर तय होती है। बड़े पुतले तैयार करने में बांस, धागा, कपड़ा और कागज की ज्यादा जरूरत पड़ती है।
इनके निर्माण में तीन से चार कारीगर तक लगते हैं। वहीं, पटाखे लगवाने पर पुतलों की कीमत और बढ़ जाती है। कई ग्राहकों ने दशहरे से करीब 15 दिन पहले ही पुतलों की एडवांस बुकिंग करा दी थी।
महंगी हुई निर्माण सामग्री, कारीगरों की बढ़ी लागत
पुतले बनाने वाले कारीगरों का कहना है कि इस साल निर्माण सामग्री के दाम बढ़ने से लागत में इजाफा हुआ है। कारीगर राखी पटेल के मुताबिक, पहले बांस 150 रुपए में मिल रहा था, जिसकी कीमत अब 200 रुपए हो गई है।
इसी तरह सूत के दाम 120 रुपए से बढ़कर 180 रुपए और कागज की कीमत 60 रुपए से बढ़कर 80 रुपए तक पहुंच गई है। कारीगरों के अनुसार, बड़े पुतले को तैयार करने में करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है। सामग्री महंगी होने के कारण इस बार पुतलों की कीमतों पर भी असर पड़ा है।
बारिश की आशंका से वॉटरप्रूफ पुतलों की मांग
मंगलवार को बारिश की संभावना को देखते हुए इस बार कुछ कारीगरों ने वॉटरप्रूफ पुतले भी तैयार किए हैं। कारीगरों को डर है कि बारिश से पुतले भीगने पर उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। साल 2022 में दशहरे के दौरान हुई तेज बारिश से कई जगह पुतले भीग गए थे।
उस समय बांसखेड़ी इलाके में कारीगरों को पुतले बस स्टॉप में रखने पड़े थे। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार बारिश से बचाव के इंतजाम किए गए हैं। हालांकि, बाजार में वॉटरप्रूफ पुतलों की उपलब्धता सीमित होने के कारण कुछ ग्राहकों को सामान्य कागज वाले पुतले ही खरीदने पड़ रहे हैं।
रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले भी उपलब्ध
भोपाल के इस बाजार में रावण के अलावा कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले भी मिल रहे हैं। पुतलों को आकर्षक बनाने के लिए कारीगर रंगीन कपड़ों, हथियारों और अलग-अलग सजावट का इस्तेमाल कर रहे हैं। ग्राहक अपने बजट और जरूरत के मुताबिक छोटे या बड़े पुतले चुन सकते हैं।
दशहरे से ठीक पहले बाजार में बढ़ती भीड़ और पुतलों की बिक्री से कारीगरों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। अब सभी की नजरें दशहरे के आयोजन और मौसम पर टिकी हैं, ताकि बारिश के कारण उत्सव की तैयारियों पर असर न पड़े।
news desk MPcg