मध्य प्रदेश में दशहरे की धूम, इंदौर में 121 और भोपाल में 105 फीट ऊंचा रावण जलेगा; उज्जैन में महाकाल की सवारी पर बरसेंगे 5 क्विंटल फूल
मध्य प्रदेश में दशहरे की धूम, इंदौर में 121 और भोपाल में 105 फीट ऊंचा रावण जलेगा; उज्जैन में महाकाल की सवारी पर बरसेंगे 5 क्विंटल फूल
मध्य प्रदेश में आज दशहरे का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रदेश के अलग-अलग शहरों में रावण दहन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इंदौर में 121 फीट, भोपाल में 105 फीट और उज्जैन में 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। वहीं, बारिश की संभावना को देखते हुए कई जगहों पर पुतलों को सुरक्षित रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इस बीच उज्जैन में बाबा महाकाल की पारंपरिक सवारी, भोपाल में भव्य चल समारोह और विभिन्न शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम दशहरे के उत्सव को खास बनाएंगे।
भोपाल में 18 मैदानों पर होगा रावण दहन
राजधानी भोपाल में दशहरे के मौके पर 18 प्रमुख मैदानों में रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कोलार हिंदू उत्सव समिति की ओर से 105 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। जयपुर के कलाकारों ने यह पुतला तैयार किया है।
रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले बनाने में करीब 20 लाख रुपए खर्च हुए हैं। इसके अलावा जंबूरी मैदान में 101 फीट, कलियासोत ग्राउंड में 90 फीट, टीटी नगर दशहरा मैदान में 55 फीट और बिट्टन मार्केट में 53 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। कोलार और छोला के कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।
छोला में निकलेगा पारंपरिक चल समारोह
भोपाल के छोला दशहरा मैदान में रावण दहन से पहले मारवाड़ी रोड स्थित बांके बिहारी मंदिर से पारंपरिक चल समारोह निकाला जाएगा। यह जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए घोड़ा नक्कास के रास्ते दशहरा मैदान पहुंचेगा। समारोह में करीब 10 झांकियां, बैंड, शहनाई, पुलिस बैंड, दुल-दुल घोड़ी और आदिवासी टोली आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन के दौरान रामलीला और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। छोला मैदान में रात करीब 9 बजे रावण दहन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
उज्जैन में महाकाल की सवारी पर बरसेंगे 5 क्विंटल फूल
उज्जैन में दशहरे के अवसर पर बाबा महाकाल की सवारी चांदी की पालकी में दशहरा मैदान पहुंचेगी। यहां शमी वृक्ष का पूजन किया जाएगा। सवारी मार्ग पर करीब 1 लाख वर्गफीट क्षेत्र में रंगोली बनाई जाएगी, जबकि ड्रोन के जरिए पालकी पर करीब 500 किलो फूल बरसाए जाएंगे।
उज्जैन के दशहरा मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। इसके अलावा कार्तिक मैदान, उन्हेल चौराहा और हीरा मिल मैदान में भी रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के लिए देवास और ग्वालियर के कलाकारों को बुलाया गया है।
इंदौर में 121 फीट ऊंचा रावण, बनाई गई 250 फीट लंबी लंका
इंदौर के उषागंज छावनी क्षेत्र में 121 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। आयोजन के लिए 250 फीट लंबी लंका तैयार की गई है। शोभायात्रा के मैदान पहुंचने के बाद रावण दहन होगा। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक आतिशबाजी की जाएगी।
\वहीं, जबलपुर के ग्वारीघाट में 75 फीट और ग्वालियर के फूलबाग मैदान में 65 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। ग्वालियर में राम जुलूस और रामलीला का समापन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा। जबलपुर में शिवकाशी से आए कलाकार आतिशबाजी करेंगे।
बारिश की आशंका, पुतलों को बचाने के इंतजाम
प्रदेश के कई शहरों में बारिश की संभावना को देखते हुए आयोजन समितियां सतर्क हैं। भोपाल में पुतलों को प्लास्टिक से ढककर सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है।\
आयोजकों को चिंता है कि बारिश होने पर पुतले भीग सकते हैं और रावण दहन के कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। पिछले वर्षों में बारिश के कारण आयोजकों को नुकसान उठाना पड़ा था। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार पुतलों को सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
कई जिलों में 50 से 80 फीट तक के पुतलों का दहन
मध्य प्रदेश के दूसरे शहरों में भी दशहरे को लेकर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। मंदसौर में 80 फीट, सेंधवा और शाजापुर में 71 फीट, श्योपुर में 52 फीट तथा छिंदवाड़ा, सागर और देवास में 51 फीट तक ऊंचे रावण के पुतलों का दहन होगा।
रायसेन में 35 फीट और गुना में 31 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा। कई स्थानों पर रामलीला, शोभायात्रा, राम-रावण युद्ध का मंचन और आतिशबाजी भी होगी। सेंधवा में पहली बार रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।
दशहरे पर शस्त्र पूजन और शौर्य प्रदर्शन के आयोजन
रावण दहन के साथ प्रदेश में शस्त्र पूजन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पुलिस लाइनों, मंदिरों, अखाड़ों और सामाजिक संगठनों की ओर से पारंपरिक शस्त्र पूजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित प्रदेश सरकार के मंत्री भी विभिन्न स्थानों पर शस्त्र पूजन में शामिल होंगे। वहीं, भोपाल में कुछ समितियों ने रावण दहन के वीडियो पर सबसे ज्यादा व्यूज और लाइक्स लाने वाले इन्फ्लुएंसर को 11 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
news desk MPcg