टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में नया खुलासा, शूटरों ने इमरान हाशमी के घर की भी रेकी की
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, शूटरों ने इमरान हाशमी और आमिर खान के घर की भी रेकी की
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस की जांच में मुंबई पुलिस को शूटरों की रेकी से जुड़ी अहम जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, शूटरों को पहले एक्टर इमरान हाशमी के घर की रेकी करने के लिए कहा गया था।
उन्होंने घर का पता लगाने के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की,
लेकिन इसके बावजूद इमरान हाशमी का घर नहीं ढूंढ पाए। बाद में उन्होंने इसकी जानकारी अपने हैंडलर्स को दी।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शूटरों ने इससे पहले आमिर खान के घर की भी रेकी की थी। हालांकि, उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि आमिर खान दक्षिण मुंबई में शिफ्ट हो चुके हैं।
इसी वजह से वे उनका पुराना घर तलाशते रहे और उन्हें आमिर खान का नया ठिकाना नहीं मिल सका। इसके बाद शूटरों को इमरान हाशमी के घर की रेकी करने के लिए कहा गया।
जब दोनों अभिनेताओं के घर का पता नहीं चल पाया तो शूटरों ने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने का फैसला किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सोशल मीडिया पर टाइगर श्रॉफ की रील्स और गतिविधियों पर नजर रखी थी।
उन्हें यह भी पता चला था कि टाइगर हर रविवार जुहू के पुष्पा नरसी ग्राउंड में फुटबॉल खेलने जाते हैं।
इसी जानकारी के आधार पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
मामले में पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को उन्हें मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने चारों को 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोपियों की पहचान कुणाल संजय, सुमित सरोलिया, राधा वर्मा और बबीता राव के रूप में हुई है।
पुलिस ने कोर्ट को बताया कि इन आरोपियों ने कथित शूटरों को हथियार उपलब्ध कराए थे। जांच के मुताबिक, कुणाल की बातचीत अनिल पंडित से होती थी, जिसे पुलिस लॉरेंस गैंग का कथित ऑपरेटिव बता रही है। पुलिस के अनुसार, अनिल पंडित ने टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया था।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुणाल ने राधा वर्मा को एक पिस्तौल दी थी।
इसके बाद राधा वर्मा और बबीता राव ने 17 अक्टूबर को दादर में कथित शूटर रेहान अंसारी से मुलाकात की और उसे पिस्तौल सौंप दी। पुलिस का कहना है कि शूटरों को हमले के बाद हथियार वापस करने के निर्देश दिए गए थे और उन्हें बताया गया था कि हथियार जल्द ही वापस ले लिए जाएंगे।
फायरिंग की घटना में टाइगर श्रॉफ गोली लगने से बाल-बाल बच गए थे।
हालांकि, उनके ड्राइवर और एक राहगीर को गोली लगी थी। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस शूटरों, हथियारों की सप्लाई और कथित हैंडलर्स के बीच कनेक्शन की जांच कर रही है।
Keywords: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस, इमरान हाशमी रेकी, आमिर खान रेकी, मुंबई पुलिस, लॉरेंस गैंग, टाइगर श्रॉफ हमला, बॉलीवुड क्राइम न्यूज, फायरिंग केस, रेहान अंसारी, अनिल पंडित
news desk MPcg