अजय देवगन पहुंचे बॉम्बे हाईकोर्ट, पान मसाला विज्ञापन नोटिस को दी चुनौती

अजय देवगन पहुंचे बॉम्बे हाईकोर्ट, पान मसाला विज्ञापन नोटिस को दी चुनौती

अजय देवगन ने पान मसाला विज्ञापन नोटिस को बॉम्बे हाईकोर्ट में दी चुनौती,

 बोले- कंपनी की जगह एक्टर को नोटिस देना गलत

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने पान मसाला विज्ञापन विवाद में महाराष्ट्र FDA की ओर से जारी लीगल नोटिस को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है। अजय ने अपनी याचिका में FDA के नियमों की संवैधानिक वैधता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि विज्ञापन में अभिनेता के तौर पर काम करने के लिए उन्हें सीधे जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। उनका तर्क है कि विज्ञापन की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी और निर्माता की होनी चाहिए।
4 नवंबर को हो सकती है सुनवाई
अजय देवगन की याचिका पर 4 नवंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई होने की संभावना है। मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की डिवीजन बेंच कर सकती है। वहीं महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे के मुताबिक विभाग की जांच पूरी हो चुकी है और इसमें अजय देवगन, शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ पर राज्य के नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है।

इलायची के विज्ञापन पर FDA को आपत्ति

महाराष्ट्र FDA ने अगस्त 2026 में अजय देवगन, शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर शो-कॉज नोटिस जारी किया था। विभाग का आरोप है कि इलायची के नाम पर बनाए गए विज्ञापन के जरिए असल में विमल पान मसाला का सरोगेट प्रमोशन किया जा रहा है।

FDA के मुताबिक महाराष्ट्र में तंबाकू और निकोटीन वाले पान मसाला व गुटखा प्रतिबंधित हैं। विभाग का कहना है कि विज्ञापन में इस्तेमाल होने वाला ब्रांड नाम, लोगो, प्रस्तुति और डायलॉग पान मसाला ब्रांड की पहचान को बनाए रखते हैं, जिससे प्रतिबंधित उत्पाद का अप्रत्यक्ष प्रचार होता है।

अजय से मांगी गई थी एंडोर्समेंट की जानकारी

FDA ने तीनों अभिनेताओं से विज्ञापन में उनकी भूमिका, एंडोर्समेंट कॉन्ट्रैक्ट और भुगतान से जुड़ी जानकारी मांगी थी। इसके साथ ही विज्ञापन हटाने और भविष्य में ऐसे प्रचार में शामिल नहीं होने के निर्देश भी दिए गए थे। अजय देवगन का अब कहना है कि एक अभिनेता के तौर पर विज्ञापन में काम करने के लिए उन्हें सीधे नोटिस देना उचित नहीं है।

पहले भी विवादों में रहा विमल का विज्ञापन

विमल के विज्ञापन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। साल 2022 में अक्षय कुमार इस ब्रांड के विज्ञापन में नजर आए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद अक्षय ने माफी मांगते हुए विज्ञापन से अलग होने का ऐलान किया था।

उन्होंने कहा था कि वह तंबाकू का विज्ञापन नहीं करते और अपनी एंडोर्समेंट फीस दान करने की बात कही थी।

अजय देवगन लंबे समय से विमल के विज्ञापनों से जुड़े रहे हैं। अब महाराष्ट्र FDA की कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचने के बाद यह मामला कानूनी रूप से भी चर्चा में है।