RSS की बैठक में संगठन विस्तार और Gen-Z पर मंथन, 400 पदाधिकारी शामिल
RSS की बैठक में संगठन विस्तार और Gen-Z पर मंथन, 400 पदाधिकारी शामिल
इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक चल रही है। मंगलवार को बैठक के दूसरे दिन संगठन की आगामी तीन साल की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इसमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, पारिवारिक मूल्यों, स्वदेशी सोच और नागरिक कर्तव्यों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। संघ ने इन पांच विषयों को 'पंच परिवर्तन' नाम दिया है।
पहली बार सभी प्रांतों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल
डेली कॉलेज स्थित संत श्री रविदासजी महाराज सभागार में आयोजित बैठक में देशभर से करीब 400 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस बार पहली बार सभी प्रांतों के प्रमुख पदाधिकारियों को बैठक में शामिल किया गया है। संगठन में इस बदलाव की तैयारी पिछले करीब 18 महीने से चल रही थी। बैठक में शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
युवाओं में नशे के बढ़ते चलन पर चिंता
बैठक में युवाओं के बीच नशीली दवाओं के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई गई। अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर प्रयास जरूरी हैं। इसके लिए सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने पर विचार किया जा रहा है। Gen-Z आंदोलनों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि आंदोलन देशहित में होने चाहिए।
देशभर में 1.01 लाख से ज्यादा दैनिक शाखाएं
सुनील आंबेकर के मुताबिक, देश में RSS की दैनिक शाखाओं की संख्या बढ़कर 1 लाख 1 हजार 151 हो गई है। साप्ताहिक और मासिक मिलन को मिलाकर संघ का काम 1 लाख 10 हजार 849 स्थानों तक पहुंच गया है। पिछले साल अक्टूबर की तुलना में शताब्दी वर्ष के दौरान 13 हजार से ज्यादा नई दैनिक शाखाएं शुरू हुई हैं।
शताब्दी वर्ष में 65 हजार से ज्यादा हिंदू सम्मेलन
आंबेकर ने बताया कि शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में 65 हजार 660 हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए। शहरों में बस्ती स्तर पर और गांवों में मंडल स्तर पर ये आयोजन हुए। इनमें समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों ने भाग लिया। बैठक में इन सम्मेलनों से मिले अनुभवों और सामाजिक सहभागिता की समीक्षा की गई।
विदेशों में संगठन के विस्तार पर भी चर्चा
बैठक में विदेशों में संघ की गतिविधियों और विस्तार को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। इसमें तीन विदेश प्रमुख शामिल हुए हैं। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन प्रवास के अनुभव भी साझा किए गए। उन्होंने अगस्त और सितंबर में इन देशों का दौरा कर विभिन्न लोगों और संगठनों से संवाद किया था।
4 नवंबर की शाम तक चलेगी बैठक
तीन दिवसीय बैठक की शुरुआत सोमवार को सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की थी। बैठक 4 नवंबर की शाम तक चलेगी। इसमें संगठन की गतिविधियों, शाखाओं के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जा रही है
news desk MPcg